दहेज के लिए विवाहिता से 1 लाख की डिमांड

पति-सास और जेठ ने पीटा, फिर घर से निकाला

Gupta Lochan
1 Min Read

रायगढ़। दहेज प्रताडऩा का मामला सामने आया है। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पक्ष दहेज में 1 लाख रुपए देने की डिमांड कर रहे हैं। ऐसे में ससुराल पक्ष की प्रताडऩा से तंग आकर महिला ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम रनभांठा निवासी चंद्रकांति यादव (25) की शादी 27 जनवरी 2022 को बसना थाना क्षेत्र के ग्राम खेमड़ा का रहने वाला बैकुंठ बिहारी यादव के साथ हुई थी। शादी के करीब 3-4 महीने तक दोनों के बीच सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में बैकुंठ बिहारी, उसकी मां गोपिका यादव और भाई ओमप्रकाश यादव दहेज के लिए उसे प्रताडि़त करने लगे। विवाहिता ने शुरू में इसकी जानकारी अपने परिजनों को नहीं दी। लेकिन अब उसके साथ मारपीट की जाने लगी। इसके बाद 6 फरवरी 2024 को विवाहिता को घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद पीडि़ता ने मामले की शिकायत पुसौर थाना में की। पुलिस ने शिकायत को जांच में सही पाया। आरोपी पति बैकुंठ बिहारी यादव, उसकी सास गोपिका यादव और जेठ ओमप्रकाश यादव के खिलाफ धारा 34- आईपीसी, 498-ए- आईपीसी के तहत अपराध कायम कर मामले को विवेचना में लिया है।

Share This Article