नापतौल विभाग की निरीक्षक रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

पेट्रोल पंप संचालक से गड़बड़ी दबाने का मामला° एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने की कार्रवाई

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने तापतौल में गड़बड़ी को लेकर पेट्रोल पंप संचालक से 18 हजार रिश्वत की मांग करने वाली तापतौल विभाग की निरीक्षक कु. ओलिभा किस्पोट्टा को रंगे हाथ पकड़ा है। आरोपिया के खिलाफ एसीबी के भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा के एक पेट्रोल पंप संचालक के द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर में यह शिकायत की गई थी कि उसके पेट्रोल पंप में नोजल स्टैंपिंग का कार्य करने के एवज में रायगढ़ में पदस्थ नापतौल निरीक्षक ओलिभा किस्पोट्टा के द्वारा 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कराए जाने के दौरान आरोपिया द्वारा 10 हजार रुपए प्रार्थी से प्राप्त कर लिया गया तथा शेष 8 हजार रुपए लेने हेतु सहमति दी गई जिसके आधार पर कार्यवाही की योजना बनाई जाकर एसीबी बिलासपुर की टीम द्वारा आज आरोपिया ओलिभा किस्पोट्टा को रिश्वती रकम 8 हजार देने हेतु प्रार्थी को रिश्वती रकम सहित भेजा गया था जो प्रार्थी द्वारा आरोपिया को रायगढ़ स्थित नापतौल विभाग के कार्यालय में रिश्वत रकम देने पर पहले से घेराबंदी में लगी हुई एसीबी बिलासपुर की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपिया के खिलाफ एसीबी के द्वारा धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है।
एसीबी की रायगढ़ जिले में लगातार धमक और लगातार कार्यवाही से भ्रष्टाचार से पीडि़त लोग राहत महसूस कर रहे हैं। आज की कार्यवाही में भी एसीबी की कार्यवाही की लोगों ने मुक्त कंठ से सराहना की। एसीबी की सूत्रों के अनुसार भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई निरंतर आगे भी जारी रहेगी।
आज से शुरू होगा कलेक्टर जनदर्शन
रायगढ़। 25 फरवरी से जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन होगा। कलेक्टर जनदर्शन का यह कार्यक्रम प्रति सप्ताह मंगलवार को दोपहर 1 बजे से सृजन सभाकक्ष में आयोजित होगा। जिले के जनसामान्य अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन लेकर जनदर्शन में उपस्थित हो सकते है।

Share This Article