कलेक्टर व्यास के निर्देश पर पत्थलगांव विकासखंड के स्कूलों में पहुंचा इसरो का ‘स्पेस आन व्हील्स’

सरस्वती शिशु मंदिर पत्थलगांव के विद्यार्थियों ने स्पेस मिशन के अनुप्रयोगों की अवधारणा को समझा

Gupta Lochan
2 Min Read

पत्थलगांव। जिले के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में प्रोत्साहन और रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर रोहित व्यास के द्वारा इसरो के सहयोग से ‘स्पेस आन व्हील्स’ कार्यक्रम का आयोजन कराया जा रहा है। शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी पीके भटनागर के मार्गदर्शन में पत्थलगांव विकासखंड के विद्यालयों में अंतरिक्ष विज्ञान की जानकारी देने के लिए इसरो का स्पेस ऑन व्हील्स का वाहन पहुंचा। संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता पत्थलगांव में समापन दिवस पर उपस्थित रहे। विद्यार्थियों से उन्होंने स्पेस आन व्हील्स कार्यक्रम का फीडबैक भी लिया। विद्यार्थियों को मोबाइल यूनिट के माध्यम से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के लॉन्च व्हीकल्स पीएसएलवी, जीएसएलवी, रिमोट सेंसिंग सैटेलाइट, कम्युनिकेशन सैटेलाइट, नेवीगेशन सैटेलाइट और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को बताया जा रहा है कि भारत के स्पेस मिशन की क्या गतिविधियां है और उनमें किन तकनीकों का प्रयोग किया जाता है। पत्थलगांव विकासखंड के लुडेग, घरजियाबथान, शेखरपुर, तमता, संकल्प शिक्षण संस्थान, सरस्वती शिशु मंदिर, सेजेस पत्थलगांव और इंदिरा गांधी कन्या विद्यालय के विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष विज्ञान के अनुप्रयोगों की अवधारणा को समझा।
संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी तक 6000 से अधिक विद्यार्थी कार्यक्रम से लाभान्वित हो चुके हैं। पत्थलगांव के बीईओ विनोद पैकरा ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए यह कार्यक्रम अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में प्रोत्साहन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। सभी विद्यालयों के विद्यार्थी इसरो के वाहन को लेकर काफी उत्सुक रहे। यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा, अवनीश पांडेय और एबीईओ नित्यानंद छ्त्तर ने कार्यक्रम का समन्वय किया।

Share This Article