दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी ने पति को पीटा

जान से मारने की धमकी भी दी, लोहे के सामान से फोड़ा सिर

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। पत्नी ने दोस्तों के साथ मिलकर पति की पिटाई कर दी। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक जितेन्द्र शर्मा (28) रोजी मजदूरी का काम करता है। साल 2017 में जितेन्द्र की शादी सामाजिक रीति रिवाज से नेहा शर्मा के साथ हुई थी। शादी की शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ ठीक था। इससे उनके दो बच्चे भी हैं, लेकिन बाद में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा। लगातार पति-पत्नी के बीच आपसी झगड़ा को देखते हुए जितेन्द्र ने नेहा शर्मा से तलाक लेने के लिए परिवार न्यायालय में आवेदन लगाया है। जहां मामला विचाराधीन है। बुधवार की दोपहर को नेहा शर्मा अपने रेलवे बंगला पारा में रहने वाले दोस्त निलेश साहू और एक अन्य युवक के साथ जितेन्द्र के घर चली गई। तब जितेन्द्र ने न्यायालय का फैसला होने के बाद घर आने की बात कही।
3 लोगों ने मिलकर पीटा
इससे उसकी पत्नी नेहा नाराज हो गई और घर के सामने अपने दोनों दोस्तों के साथ मिलकर उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। जब जितेन्द्र ने गाली देने से मना किया, तो नेहा, निलेश और उनके एक अन्य साथी ने लात-घुसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी।
लोहे के सामान से सिर पर मारा
इसी दौरान निलेश ने अपने हाथ में रखे कुछ लोहे के सामान से उसके सिर पर मार दिया। इससे उसके सिर पर चोट पहुंचने से खून भी निकलने लगा। मारपीट की घटना से जितेन्द्र के सिर, कान के साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट पहुंची। वहीं घटना को अंजाम देकर नेहा और उसके दोस्त वहां से चले गए। जिसके बाद जितेन्द्र तत्काल जूटमिल थाना पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। जहां पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2)- बीएनएस, 296-बीएनएस, 3(5)- बीएनएस, 351(2)-बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।

Share This Article