बिलासपुर। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजमल खोईवाल द्वारा आज बिलासपुर-अंबिकापुर खंड का विंडो निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पेंड्रा रोड, बिजुरी, और अंबिकापुर स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिये। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी, अन्य अधिकारी व पर्यवेक्षक उपस्थित थे। पेंड्रारोड स्टेशन में बिलासपुर एंड यार्ड स्थित प्वाइंट, पी. आर.एस., सर्कुलेटिंग एरिया, पैनल रूम एवं क्रू लॉबी का संरक्षा निरीक्षण तथा अमृत भारत स्टेशन के तहत हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा किये। बिजुरी स्टेशन में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सर्कुलेटिंग एरिया, क्रू लॉबी, रनिंग रूम, यात्री प्रतीक्षालय व अमृत भारत स्टेशन विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। अंबिकापुर स्टेशन में उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म, पी.आर.एस.के साथ अमृत भारत स्टेशन के तहत किये गए विकास कार्यों का अवलोकन कर समीक्षा किये। निरीक्षण के दौरान, श्री खोईवाल ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, और समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत, इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं में सुधार, प्लेटफॉर्म विस्तार, स्वच्छता, और आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और इन विकास कार्यों के माध्यम से यात्रा अनुभव को और भी सुखद बनाने का प्रयास कर रहा है।