कुत्ते से कटवाकर 50 हजार की लूट

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। रायपुर में एक नाबालिग को कुत्ते से कटवाकर पैसों की लूट हो गई है। नाबालिग का आरोप है कि वह अपने घर जा रहा था, इस दौरान गाड़ी में पेट्रोल खत्म हो गया। तो वह रास्ते में रुक गया। इसी बीच कुछ बदमाश आए। वो अपने साथ लाए पालतू कुत्ते से नाबालिग को कटवाकर 50 हजार रुपये और बाइक लूटकर ले गए। यह पूरा मामला गंज थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग ने थाने में शिकायत दी। उसने बताया कि वह मंगलवार की रात कोटा से अपने घर संतोषीनगर जा रहा था। जब वह गंज इलाके में पहुंचा तो अचानक उसकी गाड़ी का पेट्रोल खत्म हो गया। वह पास के ही एक पान ठेले में रुक गया। इस दौरान पहले दो युवक आए। फिर कुछ और लडक़े भी आ गए। उनके साथ एक पालतू जर्मन शेफर्ड भी था। उन्होंने नाबालिग को घेर लिया। फिर पैसों की मांग करने लगे। नाबालिग का आरोप है कि बदमाशों ने उसके जेब में रखे 50 हजार रुपये और बाइक छीन लिए। इस दौरान बदमाशों ने नाबालिग के पीछे अपना पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने नाबालिग को हाथ, पैर सहित कई जगह काट लिया। नाबालिग ने जैसे तैसे वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। फिलहाल इस मामले में गंज में शिकायत दी गई है। शिकायत मिलने के फौरन बाद पुलिस आसपास के जगह पर सीसीटीवी कैमरे की जांच पूछताछ कर रही है।

Share This Article