बीजापुर में नक्सलियों ने 2 ग्रामीणों का काटा गला

पुलिस मुखबिरी के शक में मौत की सजा

Gupta Lochan
2 Min Read

जगदलपुर। बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक ही गांव के 2 ग्रामीणों की गला रेतकर हत्या कर दी है। रात में घर से दोनों को उठाकर जंगल की तरफ लेकर गए थे, मारकर सुबह दोनों के शव को गांव के नजदीक फेंक दिया। इनपर पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाया और मौत की सजा दे दी। मामला तर्रेम थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने बुडग़ीचेरू गांव में वारदात की है। 3 फरवरी की देर रात करीब 10 से 12 की संख्या में हथियारों से लैस नक्सली गांव पहुंचे थे। इस गांव के रहने वाले युवक कारम राजू (32) और माड़वी मुन्ना (27) के घर पहुंच गए। इन दोनों ग्रामीणों को बंदूक के बल पर घर से उठाया फिर इन्हें गांव के पास के ही जंगल में लेकर गए।
जहां इनपर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया और धारदार हथियार से गला रेत दिया। वारदात के बाद दोनों के शव को गांव के नजदीक लाकर फेंक दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने सुबह इसकी जानकारी पुलिस को दी। बीजापुर एएसपी चंद्रकांत गवर्णा ने कहा कि, पुलिस को जानकारी मिलते ही टीम को गांव भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से नक्सलियों ने बस्तर के दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर समेत संभाग के सातों जिले में जमकर उत्पात मचाया। पिछले 24 सालों में लगभग 1800 से ज्यादा लोगों की हत्या की है। इनमें सबसे ज्यादा हत्या बीजापुर जिले में हुई है।

Share This Article