राज्योत्सव में ओपी चौधरी ने गिनाए 100 से अधिक विकास कार्य, 600 करोड़ के रिंग रोड का जिक्र

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस पर 2 नवंबर को रायगढ़ में जिला स्तरीय राज्योत्सव मनाया गया। पंजरी प्लांट स्थित संत प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह का शुभारंभ वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और छत्तीसगढ़ राज्यगीत के सामूहिक गायन से हुई।

समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 में प्रदेश में एक मेडिकल कॉलेज था, जिसकी संख्या अब बढक़र 21 हो गई है। प्रदेश में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स सहित कई राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थान स्थापित हुए हैं। ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में लगभग 600 करोड़ रुपये के प्रथम चरण के रिंग रोड की योजना को आगे बढ़ाया गया है। शहर में सिंदूर पार्क, ऑक्सीजोन, नगर वन और अन्य हरित क्षेत्रों के विकास कार्य किए जा रहे हैं। खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए बोईरदादर स्टेडियम में ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल और एथलेटिक ट्रैक विकसित किया जा रहा है। कोड़ातराई में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने केवड़ाबाड़ी, इंदिरा नगर और कायाघाट में पुल निर्माण, नालंदा परिसर, प्रयास विद्यालय, उद्यानिकी महाविद्यालय, फिजियोथेरेपी कॉलेज और नेचुरोपैथी कॉलेज जैसी सुविधाओं का उल्लेख किया। रामलीला मैदान, भुजबंधान तालाब और मि_ूमुड़ा तालाब के जीर्णोद्धार सहित 100 से अधिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में इन कार्यों का प्रभाव शहर की तस्वीर में दिखाई देगा। महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविंद्र गबेल और उपाध्यक्ष दीपक सिदार ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि विकास का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है। इसके लिए प्रशासन पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही के आधार पर काम कर रहा है। राज्योत्सव में विभिन्न विभागों ने शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित स्टॉल लगाए। इनमें औद्योगिक विकास नीति, स्टार्टअप प्रोत्साहन, झारा शिल्प, प्रधानमंत्री आवास योजना, लखपति दीदी, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी गई।
शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गणेश वंदना, रामकथा समूह नृत्य, बिहू, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, आदिवासी करमा, राजस्थानी लोकनृत्य, शिव तांडव, देवस्तुति, पंथी नृत्य और लोकसंगीत की प्रस्तुतियां हुईं। विभिन्न विद्यालयों, संगीत महाविद्यालयों और सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकारों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के अलग-अलग क्षेत्रों और छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक दिखाई।

Share This Article