बंगीय समाज रायगढ़ ने हर्षोल्लास के साथ मनाई विजया सम्मिलनी

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रात्रि भोज का भी हुआ भव्य आयोजन

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। बंगीय समाज रायगढ़ द्वारा दिनांक 1 नवंबर 2026 को विजयादशमी एवं दीपावली के पावन अवसर पर विजया सम्मिलनी 2026 का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के सदस्यों एवं परिवारजनों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा एकता का परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा भाव के साथ हुआ। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें गीत, संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
विजया सम्मिलनी का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी सदस्यों को एक मंच पर लाकर आपसी मेल-मिलाप, सांस्कृतिक परंपराओं एवं सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को विजयादशमी एवं दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर समाज की ओर से रात्रि भोज का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने एक साथ भोजन कर पारिवारिक सौहार्द एवं आत्मीयता का आनंद लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बंगीय समाज रायगढ़ के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन यादगार बन गया। अंत में बंगीय समाज रायगढ़ की ओर से सभी उपस्थित अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक एकता, संस्कृति एवं परंपराओं को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। बंगीय समाज रायगढ़-एकता, संस्कृति और सौहार्द का प्रतीक।

Share This Article