युवती पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा के प्रति रायगढ़ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सार्वजनिक स्थान पर युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले ऑटो चालक को थाना कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
जानकारी अनुसार दिनांक 30 अक्टूबर को 22 वर्षीय युवती पूंजीपथरा से अपने पति के साथ कार में परीक्षा दिलाने रायगढ़ आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम करीब 4.50 बजे दोनों अपनी कार से वापस घर जा रहे थे। होटल ट्रिनिटी के पास मुख्य मार्ग पर जाम होने के कारण उन्होंने अपनी कार रोकी और शीशा नीचे किया। इसी दौरान ऑटो क्रमांक सीजी-13 बीसी 8268 का चालक उनके वाहन के पास पहुंचा और युवती की ओर इशारा करते हुए अशोभनीय टिप्पणी करने लगा। आरोपी के इस कृत्य से युवती के सम्मान को ठेस पहुंची।
युवती ने लिखित आवेदन देकर थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी द्वारा आरोपी के विरुद्ध धारा 79 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान ऑटो के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान उमाशंकर साहू पिता टीकम साहू, उम्र 37 वर्ष, निवासी राजीव नगर कोतरारोड, रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी, अशोभनीय व्यवहार एवं छेड़छाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article