देवसागर में नये धान खरीदी केंद्र के लिए हटवाया बेजा कब्जा

9 गांवों के किसानों को मिलेगी सुविधा

Gupta Lochan
2 Min Read

भटगांव। खरीफ विपणन वर्ष में किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए राज्य शासन द्वारा नये धान खरीदी केंद्र खोले जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्रापं देवसागर में नये धान खरीदी केंद्र की शुरुआत हो रही है। केंद्र के लिए चयनित 5 एकड़ शा. भूमि पर बेजा कब्जा था, जिसे भटगांव तहसीलदार की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुक्त कराया। देवसागर क्षेत्र के किसानों को अब तक धान बेचने के लिए दूर के केंद्रों में जाना पड़ता था, जिससे परिवहन खर्च और समय की बर्बादी होती थी। राज्य शासन से देवसागर में नये केंद्र की स्वीकृति मिलने पर किसानों में खुशी है। चयनित शा. भूमि पर ग्रामीणों ने मवेशी बांधकर, अस्थायी झोपड़ी बनाकर, सामान रखकर कब्जा कर रखा था। नाप-जोख में यह सामने आने के बाद तहसील कार्यालय द्वारा नोटिस देकर कब्जा हटाने को कहा गया था। शनिवार तहसील दार परमेश्वरी तिलकवार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश देकर शांतिपूर्ण तरीके से कब्जा हटवाया। तहसील दार नेत्रप्रभा ने कहा कि ग्रामीणों ने प्रशासन का सहयोग किये स्वयं अपना सामान हटा लियें। इस कार्रवाई के दौरान ग्राम सरपंच प्रतिनिधि उमाशंकर साहू, नई शाखा प्रबंधक पूरन साहू,थाना भटगांव पुलिस, कोटवार, आर.आई. भटगांव, पटवारी टीम एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। इस नये केंद्र के शुरू होने से देवसागर सहित आसपास के 9 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी। बेजा कब्जा हटने के बाद अब यहां चबूतरा निर्माण, कांटा-बांट, बारदाना व्यवस्था आदि की तैयारियां शुरू की जाएंगी।

Share This Article