‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ के नारों से गंूज उठा रायगढ़ांचल

Gupta Lochan
12 Min Read

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ के तहत आज रायगढ़ में भव्य पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा सिंदूर पार्क,सिल्वर पैलेस,गौरीशंकर मंदिर,सुभाष चौक,गद्दी चौक,हंडी चौक,घड़ी चौक,सत्तीगुड़ी चौक,स्टेशन चौक होते गांधी प्रतिमा के पास समाप्त हुई। पूरे रास्ते ‘ना शोर से ना जोर से, देश चलेगा वोट से’ ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ के जोशीले नारों से माहौल गुंजायमान हो उठा। पदयात्रा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने की। इस दौरान पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, भाजपा नेता जगन्नाथ पाणिग्रही, कमल गर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान, महामंत्री विकास केडिया, जतिन साव उपाध्यक्ष विलिस गुप्ता मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महामंत्री सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा – ‘कांग्रेस जो आज प्रदर्शन कर रही है, वह देश के लिए नहीं, बल्कि गांधी परिवार का अस्तित्व बचाने के लिए कर रही है। कांग्रेस के पास न मुद्दा है, न नेतृत्व, इसलिए वह अराजकता फैलाना चाहती है।’
पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने कहा – विपक्ष विदेशी ताकत पाकर देश में लोकतंत्र को कमजोर कर रहा है। देश की जनता कांग्रेस के नापाक इरादों को समझ चुकी है। देश के नेतृत्व मजबूत एवं सुरक्षित हाथों में है। कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच जाना पड़ता है और कांग्रेस गद्दी शाही मानसिकता से नहीं उबर पा रही।
भाजपा नेता जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा – यह पदयात्रा देश का लोकतंत्र बचाने के लिए है, साथ ही कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे अराजकतापूर्ण माहौल से देश को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा आम जनता को मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है। मोदी जी के 25 सालों के सार्वजनिक जीवन का भी जिक्र किया।

खरसिया नपा अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा -कांग्रेस चुनाव परिणाम से हताश हो चुकी है और अपनी संभावित हार को देख वोट चोरी का मिथ्या आरोप लगा रही है। कांग्रेस सहित विपक्षी दल समझ चुके हैं कि मोदी जी के सशक्त नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है।
कांग्रेस एक ही रॉकेट को बार-बार लॉन्च करना चाहती है
कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए नारा लगवाया -ना शोर से ना जोर से, देश चलेगा वोट से। उन्होंने कहा -कांग्रेस हताश हो चुकी है और मोदी जी के नेतृत्व में देश की बढ़ती साख को लेकर चिंतित है। कांग्रेस एक ही रॉकेट को बार-बार लॉन्च करना चाहती है, लेकिन देश की जनता हर बार उसे नकार देती है। इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कैद कर दिया था, लेकिन भाजपा अब लोकतंत्र को बचाना चाहती है और देश को दोबारा अराजक माहौल से बचाना चाहती है। आज की पदयात्रा यही संदेश देने के लिए निकाली गई है।

ओपी बोले-कांग्रेस देश को बांग्लादेश और फ्रांस बनाना चाहती है

बतौर विपक्ष कांग्रेस की भूमिका पर सवालिया निशान लगाते हुए ओपी चौधरी ने रैली के समापन के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कांग्रेस भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में बांग्लादेश या फ्रांस जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है। कांग्रेस के इस प्रयास को लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशे बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा भाजपा इसका मुंह तोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। लोकतंत्र को बचाने और अराजकता का माहौल खत्म करने का संदेश देने के लिए आज भारतीय जनता पार्टी ने एक रैली निकाली है इस तरह के आयोजन भारतीय जनता पार्टी पूरे देश भर में आयोजित कर रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि आज की इस रैली की शुरुआत सिंदूर पार्क से हुई और महात्मा गांधी जी को माला पहनाते हुए इसका समापन किया गया है। राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए ओपी ने कहा गांधी सरनेम चोरी कर परिवारवाद चला रहे। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए ओपी चौधरी ने कहा – मैं आदरणीय गांधी जी से प्रार्थना करता हूं कि राहुल गांधी को सद्बुद्धि दें। उनका सरनेम चोरी करके ये लोग परिवारवाद चलाना चाहते हैं। गांधी जी का सरनेम चोरी करके राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा पता नहीं जो भी, ये लोग अब अपना परिवारवाद चलाना चाहते हैं और ये लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब समझती है। एक तरफ मोदी के नेतृत्व में देश लोकतंत्र को मजबूत कर रहा है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस अराजकता फैलाकर देश को अस्थिर करना चाहती है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता इस अराजकता के खिलाफ सडक़ पर उतरकर लोकतंत्र की रक्षा करेगा। लोकतंत्र बचाओ – अराजकता हटाओ अभियान के तहत आज रायगढ़ में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य रैली के बाद वित्त मंत्री मीडिया से चर्चा कर रहे थे। सिंदूर पार्क से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए यह रैली गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त हुई। रैली में प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए।

जमीन पर बैठे वित्त मंत्री, सादगी बनी मिसाल

सादगी ही असली नेतृत्व है… इस कहावत को प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चरितार्थ किया है। भाजपा के कार्यक्रम के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने आम जनमानस के दिल को छू लिया। प्रदेश के वित्त मंत्री, जो करोड़ों के बजट के मुखिया हैं, एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह जमीन पर हरी चटाई बिछाकर, पत्तल के सामने बैठकर भोजन करते नजर आ रहे हैं। न कोई कुर्सी, न कोई टेबल, न कोई अलग पंडाल। कार्यकर्ताओं के मध्य एक आम कार्यकर्ता की तरह कतार बद्ध होकर खाना लिया और जमीन में बैठकर ही भोजन करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की व्यवस्था थी। आम तौर पर देखा जाता है कि बड़े नेता अलग व्यवस्था में चले जाते हैं, लेकिन ओपी चौधरी जी ने वीआईपी प्रोटोकॉल को दरकिनार कर दिया। वे लाइन में लगे, अपनी थाली ली और वहीं जमीन पर बैठे कार्यकर्ताओं के बीच बैठ गए।

न कोई प्रोटोकॉल, न दिखावा…

भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कहा -यही तो भाजपा की संस्कृति है। जहाँ पद नहीं, सेवा और समर्पण बड़ा होता है। ओपी चौधरी जी ने कलेक्टर रहते हुए भी सादगी नहीं छोड़ी और मंत्री बनने के बाद भी वही सादगी कायम है। पंगत में बैठकर खाना, सबके साथ घुल-मिल जाना – यह संस्कार ही एक कार्यकर्ता को जननेता बनाता है। जमीन पर बैठकर भोजन करते हुए वित्त मंत्री की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है। लोग लिख रहे हैं ऐसे जननेता पर हमें गर्व है। सच ही है, कुर्सी पर बैठकर आदेश देना आसान है, लेकिन जमीन पर बैठकर सबके साथ भोजन करना ही सच्चे नेतृत्व कर्ता की पहचान है।

प्रभु श्रीराम के जीवन से मिलती है संघर्ष और मर्यादा की प्रेरणा-ओ.पी.चौधरी
वित्त मंत्री ने रामचरित मानस पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट कर किया नागरिकों का सम्मानित

रायगढ़। श्री रामलला दर्शन योजना एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थयात्रा करने वाले जिले के लगभग एक हजार वरिष्ठ नागरिकों का आज संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित विशेष समारोह में सम्मान किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी.चौधरी ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को श्रीरामचरित मानस की पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे सुंदरकांड पाठ एवं सामूहिक हनुमान चालीसा के वाचन से हुई। वित्त मंत्री ने भगवान श्रीराम के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा रामायण आरती में शामिल हुए। वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि रायगढ़ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। यह सौभाग्य की बात है कि राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या छत्तीसगढ़ की बेटी थीं और भगवान श्रीराम का छत्तीसगढ़ से गहरा सांस्कृतिक एवं भावनात्मक संबंध है। प्रभु श्रीराम छत्तीसगढ़ के भांचा राम हैं। इसी कारण प्रदेश में भांचा के प्रति विशेष श्रद्धा और उनके चरण स्पर्श करने की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज और मानवता के लिए आदर्श है। मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, संघर्ष और सेवा की प्रेरणा उनके जीवन से मिलती है। भगवान श्रीराम राजपरिवार में जन्म लेने के बावजूद संघर्षों से गुजरे और 14 वर्ष का वनवास सहन किया। उनके जीवन से सीख मिलती है कि कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय समाज और दूसरों के हित में सकारात्मक कार्य करने का प्रयास करना चाहिए।

एक वर्ष में छह बार अयोध्या धाम की यात्रा

अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच एक वर्ष में श्री रामलला दर्शन योजना के तहत छह चरणों में वरिष्ठ नागरिकों को अयोध्या धाम की यात्रा कराई गई। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत भी एक बार यात्रा आयोजित की गई। इन यात्राओं से लाभान्वित जिले के लगभग 981 वरिष्ठ नागरिकों को समारोह में सम्मानित किया गया। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 861 और शहरी क्षेत्र के 120 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ करने वाले दल के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे एवं उनकी टीम के सदस्यों को भी स्मृति चिह्न और श्रीरामचरित मानस पुस्तिका भेंट कर सम्मानित किया गया।

Share This Article