अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस में सोते यात्री का मोबाइल चोरी, रायगढ़ जीआरपी में केस दर्ज

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री का करीब 36 हजार रुपये कीमत का मोबाइल चोरी हो गया। घटना उस समय हुई, जब यात्री थकान के कारण ट्रेन में सो गया था। रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसे जेब से मोबाइल गायब होने का पता चला। मामले में पहले महाराष्ट्र के वर्धा जीआरपी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। अब प्रकरण रायगढ़ जीआरपी को भेजे जाने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के माणिकगढ़ निवासी 30 वर्षीय सानु भाउराव गुरनुले मजदूरी करते हैं। वे 4 अक्टूबर को बल्हारशाह रेलवे स्टेशन से नागपुर पहुंचे थे। इसके बाद नागपुर से रायगढ़ आने के लिए शाम करीब 6 बजे ट्रेन नंबर 12833 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के पीछे लगे जनरल कोच में सवार हुए।
यात्रा के दौरान चापा रेलवे स्टेशन के आसपास थकान के कारण उन्हें नींद आ गई। इस दौरान उनका ओप्पो कंपनी का ह्रश्चश्चश ्य13 5त्र मोबाइल पैंट की जेब में रखा हुआ था। मोबाइल की कीमत करीब 35,999 रुपये बताई गई है। 5 अक्टूबर की सुबह लगभग 5 बजे ट्रेन रायगढ़ स्टेशन पहुंची और उनकी नींद खुली, तब जेब से मोबाइल गायब मिला। उन्होंने कोच में आसपास तलाश की, लेकिन मोबाइल नहीं मिला।
यात्री को आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी नींद का फायदा उठाकर जेब से मोबाइल चोरी कर लिया। इसके बाद उन्होंने जीआरपी थाना वर्धा में शिकायत दर्ज कराई। वर्धा जीआरपी ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की। जांच में घटनास्थल रायगढ़ जीआरपी थाना क्षेत्र का होने के कारण संबंधित दस्तावेज यहां भेजे गए। रायगढ़ जीआरपी ने अब मामले में असल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस चोरी हुए मोबाइल की तलाश करने के साथ अज्ञात आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

Share This Article