सारंगढ़। दीपावली के पावन पर्व पर जब देश रोशनी से जगमगाएगा, तब सीमा पर तैनात देश के वीर जवानों तक भी सारंगढ़ के बच्चों की बनाई रोशनी पहुंचेगी। सारंगढ़ विकास खंड अंतर्गत शास. प्राथ. शाला दहिदा में एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल की गई है। शाला की प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी, जो राज्यपाल पुरस्कार और राज्य स्मृति शिक्षक सम्मान से सम्मानित हैं, के नेतृत्व में स्कूली बच्चों ने इको – फ्रेंडली गोबर के दीये तैयार किए हैं। यह पहल देशप्रेम व सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से की गई है। विद्यालय में बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी, भाई चारे और राष्ट्रप्रेम की सीख भी दी जाती है। इसी कड़ी में बच्चों व आम जनमानस में राष्ट्र प्रेम और रिश्तों के प्रति सद्भावना बढ़ाने के लिए यह कार्य किया जा रहा है। सैनिकों को दीया भेजना राष्ट्र प्रेम, एकता और उनके प्रति आभार व्यक्त करने का भावनात्मक संदेश है। इस नेक कार्य में शिक्षक संजयमिश्रा असरिता टोप्पो, खेमराज पटेल के साथ-साथ गांव की महिलाएं, पूर्व छात्राएं नम्रता खूंटे, प्रतिभा भारती, हीना आदित्य, सरपंच सहसराम जांगड़े, शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष गुहाराम भारद्वाज, बिहान समूह की महिलाएं कौशल्या यादव, अनुराधा जांगड़े, शांति बंजारे, कल्पना भारती, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहा. मितानिन, रसोइया ललिता सिदार और सफाईकर्मी बुधराम भारती ने भी बढ़ – चढक़र सहयोग किया। खेती- किसानी के व्यस्त कार्यों से समय निकालकर महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी द्वारा तैयार किए गए ये दीये सारंगढ़ जिले की कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू और जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी को सौंप दिए गए हैं। जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर से ये दीये सीमा पर तैनात जवानों को दीपावली मनाने हेतु प्रेषित किए जाएंगे। यह पहल जिला प्रशासन, शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी, छात्रों और समुदाय की सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रियंका गोस्वामी ने कहा कि जिले की मुखिया एक महिला हैं जो नारी सशक्तिकरण पर लगातार कार्य कर रही हैं, ऐसे में हर महिला को आगे आकर समाज में सहयोग करना चाहिए और अपनी पहचान बनानी चाहिए।उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी प्रियंका गोस्वामी द्वारा शून्य निवेश बजट पर शिक्षक, छात्र और समुदाय के सहयोग से पर्यावरण हितैषी घोंसला निर्माण कर ‘गौरैया बचाओ अभियान’ चलाया गया था, जिसकी जनसमुदाय में काफी सराहना हुई थी।
बच्चों ने बनाया इको- फ्रेंडली गोबर दीया, सीमा पर तैनात जवानों को भेजी जाएगी दीपावली की रोशनी

