रायगढ़। रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी द्वारा 27 अक्टूबर 2026 को होटल अमाया, रायगढ़ में भव्य करवा चौथ उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब की महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक रंगों, प्रेम और उल्लास से सजे इस आयोजन ने सभी के लिए यादगार पल बनाए। कार्यक्रम में आकर्षक गेम्स, डांस, मनोरंजक गतिविधियों और स्वादिष्ट खान-पान की व्यवस्था की गई। सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। सदस्यों की तस्वीरों से तैयार किए गए व्यक्तिगत उपहारों ने आयोजन को और भी खास बना दिया।
इस कार्यक्रम की प्रोग्राम चेयरमैन नैना अग्रवाल एवं को-चेयरमैन प्रियंका अग्रवाल रहीं। दोनों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, कार्यक्रम की पूरी बैक-एंड टीम का गठन, सदस्यों के बीच समन्वय स्थापित करने, व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने तथा आयोजन की तैयारियों को व्यवस्थित रूप देने का महत्वपूर्ण कार्य अर्चना केडिया ने बखूबी निभाया। उनके कुशल प्रबंधन, समर्पण और निरंतर प्रयासों ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने में अहम योगदान दिया। क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अनूप अग्रवाल के नेतृत्व एवं सचिव रोटेरियन विनय केडिया के सहयोग से क्लब सामाजिक सेवा के साथ-साथ सदस्यों के बीच पारिवारिक एकता, आपसी प्रेम और सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, होटल अमाया की पूरी टीम को उत्कृष्ट आतिथ्य एवं सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया।वहीं यह आयोजन क्लब की एकजुटता, आपसी सहयोग और पारिवारिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण बना।
रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ स्टील सिटी ने धूमधाम से मनाया करवा चौथ उत्सव

