अर्नब का असर, छत्तीसगढ़ में 2 नवंबर तक होगी बारिश

तेज हवाएं चल रही, रायगढ़ में आज भी बंद रहेंगे स्कूल, कटी धान की फसल भीगी

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में दूसरे दिन भी जारी रहा। रायगढ़ में रात से लगातार बारिश होती रही। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं दुर्ग, सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर और रायगढ़ के स्कूलों में कल भी छुट्टी रहेगी। बलरामपुर, मुंगेली और धमतरी में बारिश से खेतों में कटाई के बाद रखी धान की फसल भीग गई है। लगातार नमी से धान के दाने काले पडऩे और फसल में फफूंद लगने का खतरा है। बारिश जारी रहने पर किसानों को नुकसान हो सकता है। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अब 2 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए किसानों को पकी फसलों की कटाई रोकने और कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अर्नब आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर चुका है। इसके अगले 48 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढऩे और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है। अगले 6 घंटे में इसके कमजोर होकर चक्रवाती तूफान और उसके बाद अगले 6 घंटे में लो प्रेशर एरिया में बदलने का अनुमान है। इसके असर से आज (29 अक्टूबर) उत्तर छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अगले दो दिनों में भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

राहत एवं बचाव के लिए सभी विभाग अलर्ट

चक्रवात अर्नब के प्रभाव से जिले में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने सभी विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने, निचले इलाकों में निगरानी रखने तथा जरूरत पडऩे पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आम नागरिकों की सहायता एवं आपात स्थिति में सूचना देने के लिए प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 07762-223750 जारी किया गया है। जिला एवं तहसील स्तरीय कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से नदी-नालों और रपटों के पास जाने से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा आकाशीय बिजली से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहने और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

आज भी जिले के सभी स्कूलों में रहेगा अवकाश

बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए जिला रायगढ़ के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 30 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को भी अवकाश घोषित किया गया है। गौरतलब है कि अति वर्षा की संभावना को दृष्टिगत विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों तथा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर के अनुमोदन से जिला शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है। यह आदेश जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक शाला, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों पर लागू रहेगा।

Share This Article