मुख्यमंत्री साय से मिले सारंग हेलिकॉप्टर टीम के सदस्य

राज्योत्सव में टीम दिखाएगी हवाई करतब

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में शामिल होने से पहले भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम के सदस्यों ने बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से रायपुर में मुलाकात की। इस दौरान टीम ने अपनी यात्रा, उपलब्धियों और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायुसेना की पेशेवर क्षमता प्रदर्शित करने में अपनी भूमिका के बारे में जानकारी दी। यह जानकारी पब्लिक रिलेशन ऑफिसर विंग कमांडर देबर्थो धर ने दी।
सारंग टीम स्वदेशी तकनीक से विकसित एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (एएलएच) धु्रव उड़ाती है। टीम अपनी सटीक उड़ान, एक-दूसरे के साथ तालमेल बनाकर किए जाने वाले फॉर्मेशन और रोमांचक हवाई करतबों के लिए जानी जाती है। राज्योत्सव में टीम की भागीदारी से लोगों को भारतीय वायुसेना की उड़ान क्षमता और स्वदेशी विमानन तकनीक को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ मानवीय सहायता और आपदा राहत कार्यों में भारतीय वायुसेना के योगदान पर भी चर्चा हुई। सारंग टीम का उद्देश्य अपने प्रदर्शन के जरिए युवाओं, खासकर विद्यार्थियों और विमानन में रुचि रखने वालों को इस क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करना है। टीम का ध्येय वाक्य ‘इंस्पायर थ्रु एक्सीलेंस’ है। राज्योत्सव में इसका प्रदर्शन छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस समारोह को एक अलग पहचान देगा। साथ ही भारतीय वायुसेना और प्रदेश के लोगों के बीच जुड़ाव को भी मजबूत करेगा।

Share This Article