रायगढ़। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुए चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव रायगढ़ जिले के मौसम पर दिखना शुरू हो गया है। बुधवार सुबह से ही जिले भर में आसमान पर घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर रिमझिम बरसात हो रही है। इस बेमौस बारिश को लेकर अब किसानों को धान फसल को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं अगर अंधड के साथ तेज बारिश होती है तो काफी नुकसान होगा।
उल्लेखनीय है कि चक्रवाती तूफान अर्नब का असर जिलाभर में देखने को मिल रहा है, लेकिन मंगलवार को पूरे दिन आसमान पर घने बादल छाए हुए थे, इससे ऐसा लग रहा था कि यहां बारिश नहीं होगी, लेकिन बुधवार सुबह से ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई है। इस मौसमी बदलाव के कारण वातावरण में ठंडक घुल गई है, हालांकि, अभी तक जिले में तेज हवाएं नहीं चली हैं, और जनजीवन सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक जिले में इसी तरह के मौसम बने रहने की संभावना जताई है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, और कुछ स्थानों पर तेज बौछारें भी गिरने की आशंका है। चक्रवाती तूफान के कारण हवा में नमी की मात्रा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसके परिणामस्वरूप बादल लगातार बने हुए हैं और रुक-रुक कर बरस रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तूफान की वर्तमान स्थिति के अनुसार, जिले में भारी बारिश की आशंका कम है, लेकिन लगातार हल्की से मध्यम बारिश के चलते निचले इलाकों में समस्या बन सकती है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी किए जा रहे अपडेट्स पर ध्यान देने की अपील की है। साथ ही, बिजली आपूर्ति में संभावित व्यवधानों के प्रति भी तैयार रहने को कहा गया है। किसानों को भी अपनी फसलों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक उपाय करने की सलाह दी गई है।
रायगढ़ सहित आसपास के जिलों में यलो अलर्ट
चक्रवाती तूफान के असर को देखते हुए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। जिसमें प्रमुख रूप से रायगढ़, जशपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली, पेंड्रा-मरवाही, सूरजपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, महासमुंद, बेमेतरा, बलौदा बाजार,कबीरधाम सहित अन्य जिलों के अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
धान फसल को हो सकता है नुकसान
उल्लेखनीय है अब धान फसल पक कर तैयार हो गया है, इससे इससे कुछ किसान कटाई के भी तैयारी में लगे हुए हैं, लेकिन इस बीच चक्रवाती तूफान ने इनकी समस्या को और बढ़ा दी है। वहीं किसानों का कहना है कि अगर तेज हवा के साथ बारिश होती है तो जो फसल तैयार हो गया है वह तो नुकसान होगा ही साथ ही ज्यादा फसल से बाली निकल रही है, उसका भी नुकसान होगा। इसको लेकर अब यह कयास लगा रहे है कि अगर रिमझिम बारिश होकर मौसम साफ हो जाता है तो नुकसान का सामना नहीं करना पड़ेगा।
जिले के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रायगढ़ जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में 29 अक्टूबर, गुरुवार को अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के अनुमोदन पर विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने यह आदेश जारी किया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आदेश के तहत जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालय बंद रहेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक
चक्रवात के असर से जिले में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अगले आदेश तक कोई भी अधिकारी-कर्मचारी बिना अनुमति छुट्टी पर नहीं जा सकेगा और न ही मुख्यालय छोड़ सकेगा। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पडऩे पर उन्हें तत्काल ड्यूटी पर उपस्थित होना होगा।

