वीबी जी राम जी योजना : खरसिया में जिला टीम ने की जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन की समीक्षा

Gupta Lochan
3 Min Read

खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। विकसित भारत-वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत खरसिया क्षेत्र में संचालित जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन से जुड़े विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला स्तरीय टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने न केवल निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया, बल्कि कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों से सीधा संवाद कर उनकी भागीदारी और मजदूरी भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। साजापाली में नवीन तालाब निर्माण का जायजा निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत गांडापाली के आश्रित ग्राम साजापाली से हुई, जहां जिला टीम ने नवीन तालाब निर्माण कार्य का अवलोकन किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तय तकनीकी मापदंडों, निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति का बारीकी से परीक्षण किया तथा संबंधित अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आजीविका डबरी और मुक्तिधाम कार्यों की समीक्षा

इसके उपरांत, टीम ने ग्राम पंचायत जोबी और बर्रा का दौरा किया। यहां प्रगतिरत आजीविका डबरी और मुक्तिधाम निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने ग्राम जोबी के हितग्राही महेंद्र दीनबंधु से विशेष चर्चा कर डबरी निर्माण से मिलने वाले आजीविका लाभों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के जल संचयन और संरक्षण के कार्य केवल रोजगार के साधन नहीं हैं, बल्कि ये ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल स्तर को बढ़ाने, कृषि को संबल देने और मत्स्यपालन के जरिए स्थायी आजीविका के मजबूत द्वार खोलने का काम कर रहे हैं।

मजदूरों से सीधा संवाद और अधिकारियों के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिला टीम ने कार्यस्थल पर श्रमदान कर रहे श्रमिकों से बातचीत की। इस दौरान मजदूरी भुगतान समय पर मिलने, श्रमिकों की सक्रिय भागीदारी तथा कार्यस्थल पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में उच्च स्तर की गुणवत्ता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। सभी स्वीकृत कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। श्रमिकों की पर्याप्त भागीदारी हो और उनके मजदूरी भुगतानों का समय पर निराकरण किया जाए। प्रमुख उपस्थिति- इस निरीक्षण दौरे में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीलाराम पटेल, एपीओ ऋषि गणेशन नायक और तकनीकी समन्वयक आशुतोष श्रीवास्तव प्रमुख रूप से शामिल रहे। उनके साथ खरसिया ब्लॉक के कार्यक्रम अधिकारी प्रफुल्ल किंडो, तकनीकी सहायक रश्मि शुक्ला, जयशंकर पटेल तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक भी उपस्थित रहे। जिला टीम ने अंत में यह संदेश दिया कि वीबी जी राम जी योजना के तहत होने वाले हर एक कार्य को ग्रामीण अधोसंरचना, जल सुरक्षा और दीर्घकालिक आजीविका के एक मजबूत और स्थायी आधार के रूप में विकसित किया जाए।

Share This Article