रायगढ़ ञ्च पत्रिका. छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के आह्वान पर मंगलवार को रायगढ़ जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर शहर में विशाल रैली निकाली। सुबह से ही रामलीला मैदान में जिले भर से आई कार्यकर्ता एकत्र होने लगी थीं। यहां से उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित नारे लगाते हुए पूरे शहर का भ्रमण किया और अंत में कलेक्टोरेट पहुंचीं। जहां मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की।
संघ की प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का नियमितीकरण, वेतन में सम्मानजनक वृद्धि और अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान शामिल है। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे लंबे समय से अल्प मानदेय पर काम कर रही हैं, जबकि उनका योगदान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिला एवं बाल विकास के तहत वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं और सुरक्षा नहीं मिल पाती। रैली के दौरान, कार्यकर्ताओं ने सरकार से अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उन्हें पूरा करने की गुहार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं किया गया, तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखने पर विवश होंगी। यह रैली जिले भर से आई बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के कारण बेहद प्रभावशाली रही, जिन्होंने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
ये प्रमुख मांगे
आंगनबाडी कार्यकर्ता संघ के प्रांताध्यक्ष अनिता नायक ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को नियमितिकरण किए जाए, तथा नियमितिकरण किए जाने पर श्रम कानून के तहत 30 हजार रुपए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तथा 25 हजार 500 रुपए सहायिकाओं को प्रतिमाह भुगतान दिया जाए। कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर के पद पर तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर सीधा पदोन्नत वरिष्ठताता क्रम में किया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को समूह बीमा, पेंशन, ग्रेज्युटी एवं पीएफ का लाभ दिया जाए। कार्यकर्ता और सहायिकाओं की आकस्मिक मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति एवं सेवा निवृत्ति पर पांच लाख और तीन लाख रुपए तत्काल भुगतान किया जाए। साथ ही अंतिम मांग में बताया कि कार्यकर्ता-सहायिकाओं को प्रति वर्ष एक हजार रुपए मानदेय में वृद्धि किया जाए।

