कार से 47 ग्राम अफीम बरामद, बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था युवक, ब्रेजा कार समेत 8.10 लाख की संपत्ति जब्त

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। अफीम बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 47 ग्राम अफीम बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 8 लाख रुपए की ब्रेजा कार भी जब्त की है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ढिमरापुर चौक के पास सिल्वर रंग की ब्रेजा कार में एक युवक अफीम रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध कार के पास मौजूद अमरजीत सिंह (20), निवासी रामभांठा, जगतपुर को पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के नीचे काले रंग की प्लास्टिक पन्नी में रखी 47 ग्राम अफीम मिली। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अफीम एक ट्रक चालक से खरीदने की बात बताई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने अफीम और ब्रेजा कार जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ग) के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।

नशे के कारोबार पर सख्ती के निर्देश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही। पुलिस ने आम लोगों से भी नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी देने की अपील की है। ताकि ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो सके।

Share This Article