रायगढ़. दो अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने कुल 32 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई गई है। साथ ही एक प्रकरण में शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई।
इस संबंध में मिली जानकारी के जानकारी के अनुसार पंूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक स्कूटी से अवैध महुआ शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज कुमार देवांगन ने आरक्षक नरेंद्र कुमार पैंकरा और सुरेंद्र यादव के साथ तुमीडीह के पास घेराबंदी कर संजय साहू (24 वर्ष), निवासी सराईपाली को पकड़ा। उसके कब्जे से 500-500 एमएल के 20 पाउच में कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत 1,000 रुपये) बरामद की। पुलिस ने अवैध शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया। इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई जिंदल प्लांट पूंजीपथरा के पीछे जमडबरी रोड पर हुई। प्रधान आरक्षक गजेंद्र प्रसाद पैंकरा, आरक्षक कीर्तन यादव और आदिकंद प्रधान के साथ पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखा है। पुलिस टीम ने दबिश देकर राजेंद्र निषाद (38 वर्ष), निवासी सराईपाली को पकड़ा। उसके पास से सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में 44 पाउच में भरी कुल 22 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत 2,200 रुपये) मिली। आरोपी ने शराब बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात कही। पुलिस ने शराब जब्त कर उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
32 लीटर महुआ शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार

