रायगढ़। जिले में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ महिलाओं ने विवाद कर दिया। इस दौरान महिला ट्रेनी एसआई के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने मौके पर मामला शांत कराया। इसके बाद सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में 3 महिलाओं समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गढ़उमरिया के पितांबर उर्फ फुंदु लहरे (24) अवैध रूप से शराब बनाकर बेच रहा है। सूचना मिलने पर ट्रेनी एसआई दिव्या बंजारे पुलिस टीम के साथ गांव पहुंची। टीम में एएसआई नरसिंहनाथ यादव, आरक्षक सुशील यादव, तरुण महिलाने, संजय एक्का और शांति मिरी शामिल थे। पुलिस टीम ने आरोपी के घर के पास पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान एक व्यक्ति थैला लेकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पितांबर लहरे बताया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से बड़ी मात्रा में देसी शराब बरामद की।
महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की
पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही थी, तभी आरोपी पुलिस की पकड़ से छूटकर भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान घर की महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि बीना लहरे (26), रजनी मिरी (30) और दुमेश्वरी मिरी (50) ने ट्रेनी एसआई दिव्या बंजारे के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में भी बाधा डाली।
4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला और आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने अवैध शराब के मामले के साथ सरकारी काम में बाधा डालने का केस भी दर्ज किया। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब बनाने, रखने और बेचने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस या किसी भी सरकारी काम में बाधा डालने और कानून-व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

