चंडी डोंगरी में शारदीय नवरात्र संपन्न, महाभंडारे में उमड़े 7 हजार श्रद्धालु

चंडी डोंगरी में शारदीय नवरात्र संपन्न, महाभंडारे में उमड़े 7 हजार श्रद्धालु

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। चंडी डोंगरी में शारदीय नवरात्र का आयोजन तीसरे वर्ष भी धार्मिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। 10 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चले आयोजन में पूजा-पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, डांडिया नृत्य और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नवरात्र के अंतिम दिन नवकन्या पूजन, यज्ञ पूर्णाहुति, नृत्य महोत्सव और महाभंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 7 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की जानकारी दी गई।
आयोजन की शुरुआत 10 अक्टूबर को भव्य इनामी कलशयात्रा के साथ हुई। इसमें महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ओडिशा से आए कलाकारों ने आदिवासी नृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुति देकर कलशयात्रा को आकर्षक बनाया। कलशयात्रा के बाद आयोजित भंडारे में करीब 2 हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। नौ दिनों तक चले धार्मिक आयोजन में चंडी पाठ और प्रतिदिन संध्याकालीन आरती की गई। इसके साथ ही डांडिया नृत्य, कुकिंग प्रतियोगिता और माला सजाओ प्रतियोगिता सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित हुईं। ओडिशा से आए व्यास देव भोई ने पारायण कथा का प्रवचन किया।
इस आयोजन में आसपास के 16 गांवों के लोगों का सहयोग और सहभागिता रही। इनमें कोतरलिया, जुर्डा, पंडरीपानी, चिटकाकानी, सियारपाली, लोईंग, कोटरापाली और महापल्ली सहित अन्य गांव शामिल रहे। नवरात्र के दौरान पूर्वांचल और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु चंडी डोंगरी पहुंचे और माता के दर्शन किए। अंतिम दिन 20 अक्टूबर को नवकन्या पूजन और यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद नृत्य महोत्सव आयोजित किया गया। इसके बाद महाभंडारा हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन में जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी भाग लिया। रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की पत्नी श्रीमती अदिति चौधरी चंडी डोंगरी पहुंचीं और माता रानी के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। तीसरे वर्ष आयोजित इस नवरात्र समारोह में धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आसपास के गांवों के लोगों की भागीदारी देखने को मिली। महाभंडारे के साथ आयोजन का समापन हुआ।

Share This Article