10 साल बाद दिखा रेड सैंड बोआ सांप, धनागर गांव में घर से रेस्क्यू कर वन विभाग-सर्परक्षक समिति ने जंगल में छोड़ा

धनागर गांव में घर से रेस्क्यू कर वन विभाग-सर्परक्षक समिति ने जंगल में छोड़ा

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। जिले में करीब 10 साल बाद दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ सांप देखा गया। धनागर गांव में एक घर में सांप मिलने की सूचना पर सर्परक्षक समिति और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने एक अज्ञात व्यक्ति से सांप को वापस लिया। स्वास्थ्य जांच के बाद उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सर्परक्षक समिति के वरिष्ठ रेस्क्यूवर पुष्पेंद्र त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि धनागर गांव में एक व्यक्ति के घर पर रेड सैंड बोआ सांप मिला है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति सांप को जंगल में छोडऩे का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। मामले की जानकारी मिलने पर सर्परक्षक समिति के अध्यक्ष विनितेश तिवारी ने सचिव सुमित बेहरा को सांप को सुरक्षित वापस लाने के निर्देश दिए। इसके बाद वन विभाग के परिक्षेत्र अधिकारी संजय लकड़ा को भी जानकारी दी गई। सर्परक्षक टीम मौके पर पहुंची और अज्ञात व्यक्ति से सांप को वापस ले आई।

स्वास्थ्य जांच में स्वस्थ मिला सांप

वन मंडल कार्यालय में विभागीय अधिकारियों को जानकारी देने के बाद सांप को वन अमले के साथ जंगल ले जाया गया। स्वास्थ्य जांच में सांप पूरी तरह स्वस्थ मिला। इसके बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में स्वतंत्र रूप से छोड़ दिया गया। सर्परक्षक समिति के अध्यक्ष विनितेश तिवारी ने बताया कि रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 10 वर्षों में यह सांप पहली बार देखा गया है। समिति ने लोगों से अपील की है कि वे अंधविश्वास या भ्रामक बातों में न आएं। वन्यजीव दिखने पर तुरंत वन विभाग या सर्परक्षकों को सूचना दें।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत का दावा

रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि सांप का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया था। वह पूरी तरह स्वस्थ था, इसलिए उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इस सांप की कीमत करोड़ों रुपये होने की बात कही जाती है। अंधविश्वास और भ्रामक प्रचार के कारण इसकी अवैध तस्करी की कोशिशें भी होती हैं।

Share This Article