दो सडक़ हादसों में 2 की मौत, स्कूटी सवारों को बाइक ने मारी टक्कर, बेकाबू बाइक पेड़ से टकराई

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। जिले में दो अलग-अलग सडक़ हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। खरसिया में दशहरा मेला देखकर घर लौट रहे स्कूटी सवारों को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। वहीं, छाल क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा खरसिया थाना क्षेत्र का है। सक्ती जिले के ग्राम जवाहर चौक, टिकरापारा फगुरम निवासी पियुष चौहान (24) अपने दोस्त देवेंद्र सहिस और आकाश महंत के साथ स्कूटी से खरसिया में दशहरा मेला देखने गए थे। रात में तीनों स्कूटी से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान छोटे मुड़पार मेन रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में देवेंद्र के सिर और हाथ में, जबकि आकाश की आंख और पैर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, पियुष के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले में आरोपी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पेड़ से टकराई बाइक
दूसरा हादसा छाल थाना क्षेत्र का है। खर्रा निवासी शोभा धनवार रात में बाइक से अपने गांव से गलीमार की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वह बाइक से दूर जा गिरा। गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने उसे देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद छाल थाना प्रभारी समेत पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा। इस मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।

Share This Article