खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। असत्य पर सत्य, अन्याय पर न्याय और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक पर्व विजयादशमी के पावन अवसर पर खरसिया नगर का दो दिवसीय विजयादशमी महोत्सव एक बार फिर अपनी भव्यता और दिव्यता के साथ आसपास के अंचल सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ में चर्चा का केंद्र बन गया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों, उनके जीवन चरित्र और धर्म के मार्ग पर चलने के संदेश को आत्मसात करते हुए यह ऐतिहासिक आयोजन नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग की छत्रछाया एवं कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस गरिमामय महोत्सव में अखिल भारतीय तैलिक महासभा किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं छाया विधायक महेश साहू, नगरपालिका के सभी सम्मानित पार्षदों, एल्डरमैनों और क्षेत्र के प्रबुद्धजनों की विशेष उपस्थिति रही।
आठ वर्षीय रॉकी राठौर ने लूटी महफिल
कार्यक्रम के दौरान एक ऐसा पल आया जिसने पूरी महफिल का दिल जीत लिया। पद्मश्री अनुज शर्मा ने मंच से दर्शकों में उपस्थित बच्चों से किसी एक बच्चे को अपने साथ गाने के लिए आमंत्रित किया। इस पर स्थानीय पार्षद राधे राठौर के आठ वर्षीय सुपुत्र रॉकी राठौर ने उत्साहपूर्वक अपनी सहमति दी और वे मंच पर पहुंचे। रॉकी राठौर ने अनुज शर्मा के साथ लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीत ‘आइसक्रीम खा के फरार हो गए…’ पर सुर में सुर मिलाते हुए शानदार प्रस्तुति दी। इस छोटे से कलाकार की बेबाक और सुंदर गायकी ने हजारों की भीड़ से भरपूर वाहवाही लूटी और कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
छत्तीसगढ़ी गीतों से पद्मश्री अनुज शर्मा ने बांधा समां
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे छत्तीसगढ़ के सुपरस्टार और धरसीवां विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा उन्होंने अपनी मनमोहक छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति से हजारों दर्शकों की भीड़ को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने लोक संस्कृति और कला के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। श्रोता देर रात तक जमे रहे और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
चाक-चौबंद सुरक्षा और सफल समापन
इतनी विशाल जनसभा और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने अनुकरणीय कार्य किया। एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन और चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी का ही परिणाम रहा कि हजारों की भीड़ ने अनुज नाइट का पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित और आनंदमय माहौल में लुत्फ उठाया। कार्यक्रम के अंत में नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने इस भव्य और ऐतिहासिक आयोजन को शांतिपूर्ण व सफल बनाने के लिए सभी दर्शकों, अतिथियों और नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने उपस्थित जनसमूह को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में खरसिया में इससे भी बेहतर, भव्य और बड़े सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
धर्म और मर्यादा के प्रतीक भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा
इसके पूर्व नगर में भगवान श्री राम की एक अत्यंत भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे खरसिया को राममय कर दिया। आतिशबाजी, पारंपरिक कर्मा नृत्य और गाजे-बाजे की गूंज के बीच निकली इस यात्रा में भगवान श्री राम, माता सीता, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और संकटमोचन हनुमान जी के अलौकिक स्वरूप रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन दे रहे थे। भगवान श्रीराम का यह स्वरूप हमें धर्म, कर्तव्यपरायणता और मर्यादा का पाठ पढ़ाता है। खरसिया नगर के श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के स्वागत में अपने घरों को विशेष रूप से सजाया था। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह आरती उतारी गई। संदीप अग्रवाल पतंजलि के निवास के समीप शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया और जुलूस में शामिल भक्तों के लिए शीतल जल, आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, शर्बत, समोसे, नाश्ते, चाय व बिस्किट की सेवा प्रदान की गई। शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद टाउनहॉल मैदान पहुंची जहां भव्य श्री रामराजगद्दी का आयोजन किया गया और प्रभु श्री राम का मंत्रोच्चार और विधि विधान से राज्याभिषेक किया गया। तत्पश्चात अनुज शर्मा नाइट का सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
पालिकाध्यक्ष कमल गर्ग ने जताया सभी का आभार
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा कि श्री विजयदशमी महोत्सव समिति, खरसिया द्वारा रामराज गद्दी के पावन अवसर पर खरसिया की गौरवशाली परंपराओं, समृद्ध संस्कृति एवं गरिमा के अनुरूप आयोजित ‘अनुज शर्मा नाइट’ के भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ के प्रथम सुपरस्टार, पद्मश्री सम्मानित श्री अनुज शर्मा जी तथा उनकी पूरी टीम ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा मैदान उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर हो उठा है। इस सफल एवं यादगार आयोजन के लिए श्री विजयदशमी महोत्सव समिति, खरसिया की पूरी टीम समस्त सामाजिक संस्थाओं, पुलिस प्रशासन,अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नगर पालिका परिषद की पूरी टीम, सभी कोटवार भाइयों, एनसीसी के स्वयंसेवकों खरसिया की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति एवं गौरवशाली परंपराओं को सहेजने और आगे बढ़ाने वाले इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में अपना अमूल्य योगदान देने वाले समस्त अंचल वासियों का हृदय से आभार एवं कोटि-कोटि धन्यवाद। आप सभी के सहयोग, समर्पण और सहभागिता ने इस आयोजन को यादगार बनाया। आप सभी को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं।

