शमीम बस ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Gupta Lochan
2 Min Read

जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरिया चौकी के ग्राम रनपुर में बुधवार सुबह तेज रफ्तार यात्री बस की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। अंबिकापुर से कुनकुरी की ओर जा रही शमीम यात्री बस ने बीच बस्ती में बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 36 वर्षीय सुखसागर राम की जान चली गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सडक़ पर चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालते हुए ग्रामीणों को समझाकर चक्काजाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम ढोण्डराही निवासी सुखसागर राम, पिता रामनाथ के रूप में हुई है। वह ड्राइवर का काम करता था। बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे सुखसागर मोटरसाइकिल से किसी काम के सिलसिले में रनपुर आ रहा था। इसी दौरान अंबिकापुर से कुनकुरी की ओर जा रही शमीम यात्री बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि सुखसागर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

आक्रोशित ग्रामीणों ने सडक़ किया जाम

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने सडक़ पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलने पर नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के साथ ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक चक्काजाम जारी था और पुलिस की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जा रही थी।

Share This Article