रायगढ़। बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। रक्षित केंद्र उर्दना के शहीद परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में ड्यूटी के दौरान देश के लिए जान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में शहीद हुए अलग-अलग रैंक के 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया।
इस कार्यक्रम में छठवीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की एक प्लाटून और रायगढ़-सारंगढ़ जिला पुलिस बल की संयुक्त प्लाटून शामिल हुई। प्रशिक्षु सूबेदार उदय चंद कोसले ने प्लाटून कमांडर की जिम्मेदारी निभाई। परेड कमांडर के निर्देश पर शोक शस्त्र की कार्यवाही हुई। जवानों ने शीश झुकाकर शहीद पुलिसकर्मियों के साहस और बलिदान को नमन किया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सलीम निहारिया, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बब्बन पठारे, वार्ड पार्षद आनंद भगत, पुलिस अधिकारी, जवान और शहीद परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।
शहीद परिवारों को शाल-श्रीफल देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में अतिथियों ने शहीद परिवारों के सदस्यों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और शहीद परिवारों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। परेड निष्क्रमण की कार्यवाही के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
‘शहीद परिवारों के भविष्य को सुरक्षित रखना जरूरी’
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित रखने के साथ उनकी जरूरतों और समस्याओं का भी ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास करने की जरूरत बताई।
परिवारों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ उनके परिवारों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। कार्यक्रम में जिले के शहीद परिवारों से आत्मीय चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए। एसएसपी ने समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए जरूरी पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस आम लोगों की सेवा, सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में शहीद परिवारों के आने-जाने और स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के बाद सभी परिवारों को सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाया गया।

