केलो डैम में लूटपाट का फरार आरोपी कुरमापाली से गिरफ्तार

आईफोन और बाइक जब्त, गर्लफ्रेंड के साथ घूमने गए युवक से हुई थी लूट

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ। केलो डैम घूमने गए युवक और युवती से लूट के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आईफोन लेकर फरार था और पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस ने उसके पास से लूटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर को जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) अपनी गर्लफ्रेंड के साथ केलो डैम घूमने गया था। शाम को दोनों लौट रहे थे, तभी 3-4 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने सानू के साथ मारपीट कर उसकी जेब से 1500 रुपए और आईफोन 12 मिनी लूट लिया। युवती का मोबाइल भी लूटकर आरोपी फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में सोहेल अंसारी (23) निवासी इंदिरा नगर और रणवीर कुमार भगत (22) निवासी उर्दना डीपापारा को पहले गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान तीसरे आरोपी रामकुमार मेहता (22), निवासी कुरमापाली की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहा था। उसने अपना और लूटे गए मोबाइल का सिम कार्ड भी निकाल दिया था। इसी दौरान पुलिस को उसके कुरमापाली गांव में होने की सूचना मिली। टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आईफोन और वारदात में शामिल बाइक जब्त

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान संबंधी कार्रवाई सानू सारथी से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई। पूछताछ में रामकुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से युवक का लूटा हुआ आईफोन 12 और वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक जब्त की है। युवती से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल उसके एक फरार साथी के पास होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वारदात में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Share This Article