रायगढ़। विजयादशमी पर्व पर असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक लंका नरेश रावण के पुतले का शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर दहन किया गया। जिससें तीनो जगहों पर वित्तमंत्री ओपी चौधरी शामिल हुए थे, इस दौरान हजारों की संख्या में लोग देर शाम से ही मौजूद रहे। इस दौरान परिवार के साथ आए बच्चों, किशोरों और युवकों में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। लोगों ने जय श्री राम के नारे लगाते हुए इस पारंपरिक पर्व को उत्साह के साथ मनाया। नवरात्रि के नौ दिनों की आराधना के बाद आज दशमी तिथि पर माँ दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन और भगवान श्रीराम की रावण पर विजय का प्रतीक पर्व मनाया गया।वहीं विजयादशमी का मुहूर्त पंडितों के अनुसार दोपहर दो बजकर पाँच मिनट से दो बजकर इक्यावन मिनट तक रहा।जिसमें शास्त्रों के मुताबिक शस्त्र पूजन और नए कार्य की शुरुआत अत्यंत फलदायी माना गया है और लोगों ने पूजा अर्चना कर शुभ कार्यों की शुरुआत की।

उल्लेखनीय है कि शहर में अलग-अलग समितियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन का कार्यक्रम रखा गया था। जो अलग-अलग समय में तीनों जगह रावण के पुतले का दहन किया गया। ऐसे में रामलीला आयोजन समिति के दीपक पांडे ने बताया कि नवरात्र शुरू होने के बाद से ही रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन हो रहा था, जो मंगलवार को दसवें दिन दशहरा पर्व पर रावण दहन के बाद समाप्त हुआ। वहीं अन्य सालों की तरह इस साल भी शहर के अलग-अलग चार स्थानों पर यह कार्यक्रम किया गया, जिसमें रामलीला मैदान, संजय मैदान, नटवर स्कूल मैदान व मिनी स्टेडियम में रावण का प्रतिमा तैयार किया गया था। जहां शाम होते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया और देर रात तक चलता रहा। इस बीच आयोजन समिति द्वारा आयोजित किए गए रामलीला में राम-रावण युद्ध के बाद रावण का दहन किया गया।
पहले नटवर स्कूल मैदान में हुआ कार्यक्रम
विजयदशमी पर्व पर मंगलवार को शहर के नटवर स्कूल मैदान में स्टेशन चौक युवा समिति द्वारा आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में अधर्म और बुराई के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान शाम को वित्तमंत्री ओपी चौधरी सपत्नीक अन्य भाजपा नेताओं के साथ पहुंचे थे। उन्होंने इस दौरान कहा कि आज पूरा भारतवर्ष अपने-अपने घर, गली और मोहल्ले-मोहल्ले में इस पर्व को उत्सव के रूप में मना रहा है। विजयादशमी हमें यह संदेश देती है कि चाहे परिस्थितियाँ कितनी भी कठिन हों, सत्य, धर्म और न्याय की अंतत: विजय अवश्य होती है। इसी के साथ रात करीब 8.30 बजे नटवर स्कूल मैदान में रावण का दहन किया गया। इसके बाद वित्तमंत्री ओपी चौधरी चक्रधरनगर युवा समिति द्वारा आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने मिनी स्टेडियम पहुंचे। जहां भारी आतिशबाजी के बीच रावण दहन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस बीच पूर्व विधायक विजय अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में लोगों को संबोधन किया और दशहरा पर्व पर बधाई एंव शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्यरूप से महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, भाजपा नेता गुरुपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, पूनम सोलंकी, पप्पू अग्रवाल सहित गणमान्य लोग शामिल रहे।
पर्व का महत्व
पुराणों के मुताबिक विजयादशमी केवल रावण दहन नहीं यह उस क्षण का प्रतीक है जब श्रीराम ने 9 दिन की साधना के बाद अधर्म पर विजय पाई और माँ दुर्गा ने महिषासुर का वध कर शक्ति का प्रमाण दिया। यही कारण है कि आज के दिन शस्त्र पूजन, वाहन पूजन और नए खाते-बही की शुरुआत को भी अत्यंत शुभ माना जाता है और लोगों ने श्रद्धा से पूजा अर्चना कर शुभ कार्य की शुरुआत भी की।
शहर में रहा उत्साह का माहौल
दोपहर तक कई स्थानों में माँ दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए ट्रक और डीजे सजे, तो शाम होते ही रामलीला मैदान, नटवर स्कूल, मिनी स्टेडियम सहित अनेक स्थानों में विजयादशमी पर्व का उत्साह देखने को मिला। मैदान में जहाँ रावण के पुतले खड़े थे।वहीं बच्चों के हाथों में गुब्बारे, तो बुजुर्गों के हाथों में शमी के पत्ते, हर चेहरा रोशनी से चमकने लगा।प्रशासन ने सुरक्षा के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई पर लोगों में जबरदस्त उत्साह नजऱ आया। लोगों में गजब का उत्साह रहा। कोई अपनों को गले लगाकर विजयादशमी की बधाई दिए तो कोई नीलकंठ पक्षी के दर्शन को शुभ मानकर दर्शन किए। वहीं युवाओं में रील और फोटो का जोश, तो महिलाओं में एक-दूसरे को सिंदूर लगाने की खूबसूरत परंपरा को पूरा किए। वहीं हर व्यक्ति का मन भी यही कह रहा था कि बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, अंत में जीत अच्छाई की ही होती है।
अंत में रामलीला मैदान से कार्यक्रम समाप्त हुआ
वहीं इस संबंध में सार्वजनिक रामलीला समिति के दीपक पांडेय ने बताया कि मंगलवार शाम 5.30 बजे रामलीला मैदान से रामजी की सवारी निकली थी जो शहर के चौक-चौराहे होते हुए पूरे शहर का भ्रमण करते हुए रामलीला मैदान पहुंची, जहां राम-रावण युद्ध के बाद रात करीब 10.30 बजे असत्य पर सत्य के जीत का प्रतीक रावण के 50 फीट के पुतले को दहन किया गया। इस दौरान यहां मुख्य अतिथि के रूप में वित्तमंत्री ओपी चौधरी और शंकरलाल अग्रवाल मौजूद रहे।
हजारों की संख्या में पहुंचे थे लोग
उल्लेखनीय है कि दशहरा व रावण दहन देखने के लिए शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। जिससे अंदाजा लगाया गया था कि इस बार करीब 50 से 60 हजार की संख्या में लोग शािमल हुए थे। इस दौरान आयोजन समिति द्वारा नेताओं को आमंत्रित किया गया था, जिससे दोनों ही प्रमुख दलों के नेता आयोजन में शामिल हुए थे।
शहर के सभी सडकें हो गई थी जाम
मंगलवार शाम से ही लोगों का आना शुरू हो गया था, इस दौरान ज्यादातर लोग शहर के चौक-चौराहो में विराजमान दुर्गा प्रतिमा का दर्शन के साथ भगवान राम के शोभायात्रा में शामिल हुए, इसके बाद रावण दहन आयोजन में शामिल हुए। इससे तीनों जगह रावण दहन का अलग-अलग समय होने के कारण लोग इस स्थल से उस स्थल की ओर भागते नजर आए, जिससे घंटों शहर की सडक़ों में जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिसबल की रही तैनाती
शहर में लोगों की भीड़ को देखते हुए चौक-चौराहों सहित कार्यक्रम स्थल में भी पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, लेकिन लोगों की अधिक भीड़ होने के कारण जाम खुलवाने में पुलिस की भी पसीने छुट गए थे, वहीं एक तरफ जहां पुलिस ने पहले से ही रुट चार्ट जारी करके हुए कहा था कि शहर के अंदर कार शहर में प्रवेश नहीं करेगा लेकिन पुलिस खुद भीड़ के बीच कार को प्रवेश कराती रही थी, इससे लोगों को खासा परेशान होना पड़ा।

