रायगढ़। विजयादशमी पर रायगढ़ पुलिस लाइन में हर साल की तरह शस्त्र पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद परंपरा के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायरिंग की।
शस्त्र पूजन से पहले पुलिस के सभी अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों की साफ-सफाई की गई। इसके बाद उन्हें सजाकर पूजा स्थल पर रखा गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां भगवती की आराधना की गई। साथ ही अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों की विधिवत पूजा की गई। परंपरा के अनुसार, देवी को प्रसन्न करने के लिए राखिया फल की बलि दी गई। पूजा के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह, एएसपी अनिल सोनी सहित मौजूद पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायरिंग की। जिले के सभी थानों और चौकी परिसरों में भी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अस्त्र-शस्त्रों की साफ-सफाई की गई। इसके बाद विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया।
पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन के दौरान एएसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, सीएसपी राहुल उइके, डीएसपी रोहित शुक्ला, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह और कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी सहित पुलिस लाइन का पूरा अमला मौजूद रहा।
शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि विजयदशमी सत्य, धर्म और न्याय की जीत का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ हर्षोल्लास से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमेशा तत्पर है।

