पन्ना। श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में 20 से 30 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में सुंदरसाथ के शामिल होने की संभावना है।
प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं—
20 अक्टूबर, विजयादशमी: शाम 4 से रात 8 बजे तक खेजड़ा मंदिर में मंचीय कार्यक्रम होगा। परंपरा के अनुसार महाराजा छत्रसाल जी के वंशज पन्ना नरेश को पान-बीड़ा एवं तलवार भेंट की जाएगी।
21 एवं 22 अक्टूबर: ब्रह्म चबूतरे पर सुबह से रात तक प्रवचन, वाणी गायन, भजन, गरबा-रास सहित विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम होंगे।
23 अक्टूबर, तेरस: शाम 4 बजे खेजड़ा मंदिर से भव्य तेरस सवारी एवं शोभायात्रा निकलेगी, जो नगर भ्रमण करते हुए श्री प्राणनाथ जी मंदिर पहुंचेगी। इसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।
24 अक्टूबर: सद्गुरु धनी श्री देवचंद्र जी के प्राकट्य महोत्सव पर सुबह 8 से 11:30 बजे तक मंचीय कार्यक्रम होंगे। रात 12 बजे सद्गुरु मंदिर में प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा।
25 अक्टूबर, शरद पूर्णिमा: सुबह से रात तक मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। रात 11 बजे श्री बंगला जी मंदिर से राजजी की शोभायात्रा निकलेगी, जो रासमंडल में विराजमान होगी। इसके बाद रास-आनंद का कार्यक्रम दिन-रात निरंतर चलेगा।
30 अक्टूबर, पंचमी: सुबह 9 बजे श्री रासमंडल से राजजी की शोभायात्रा निकलेगी और श्री बंगला जी मंदिर में राजजी को विराजमान कराया जाएगा।
मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की है।
20 से 30 अक्टूबर तक मनेगा अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव
खेजड़ा मंदिर से निकलेगी तेरस की सवारी, 25 अक्टूबर को होगा विशेष शरद पूर्णिमा महोत्सव

