गौवंश वध के मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार, 50 किलो गौमांस और अवशेष बरामद, ऑपरेशन शंखनाद के तहत कार्रवाई

Gupta Lochan
4 Min Read

जशपुर। जिले में गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत कांसाबेल पुलिस ने ग्राम सागीभावना के गिरजाटोली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मौके से करीब 50 किलोग्राम गौमांस, लोहे का गड़ासा, गौवंश का सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ और अन्य अवशेष बरामद किए गए। मांस काटने में इस्तेमाल लकड़ी का गुटका भी जब्त किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सागीभावना के फिलिममुड़ा पहाड़ के नीचे चट्टान के पास एनोस के खेत में कुछ लोग गौवंश का वध कर मांस काट रहे हैं और उसका आपस में बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कांसाबेल पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी और टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, मौके पर जकरियस तिग्गा (43), निवासी ग्राम सागीभावना, मिला। घटनास्थल के निरीक्षण में गौवंश का वध कर मांस काटे जाने के साक्ष्य मिले।

50 किलो गौमांस और गड़ासा समेत अन्य सामग्री जब्त

पुलिस ने मौके से करीब 50 किलोग्राम गौमांस और लोहे का गड़ासा बरामद किया। इसके अलावा गौवंश का सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ सहित अन्य अवशेष और मांस काटने में इस्तेमाल लकड़ी का गुटका भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले थे। पूछताछ और विवेचना में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।

अगले दिन चार अन्य आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस ने 18 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मसीह दास उर्फ ईशु दास (40), धीरज तिग्गा (36), पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज (26) और उदय कुमार मिंज (52) शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी ग्राम सागीभावना, थाना कांसाबेल क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर गौमांस और गौवंश के अवशेषों का आवश्यक परीक्षण कराया। इसके बाद नियमानुसार अवशेषों को दफन कर पंचनामा तैयार किया गया। जब्त सामग्री को प्रकरण में साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है।

बीएनएस और कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ कांसाबेल थाने में अपराध दर्ज किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 325 और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 एवं 10 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 अक्टूबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई जारी: एसएसपी

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कांसाबेल क्षेत्र में करीब 50 किलो गौमांस के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article