जशपुरनगर। स्थानीय श्री हरि कीर्तन भवन में आयोजित ‘अक्स गरबा महोत्सव’ में धर्म, संस्कृति और जन-जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य महोत्सव में करीब 1500 बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस उल्लासपूर्ण माहौल के बीच जशपुर पुलिस के सहयोग से चलाए गए हेलमेट जागरूकता अभियान ने पूरे आयोजन को सामाजिक सरोकार की नई दिशा दी, महोत्सव का सबसे खास आकर्षण वह पल रहा जब मंच पर मौजूद सभी कलाकारों ने सिर पर हेलमेट पहनकर गरबा कराया। इसी दौरान गायिका तत्सा गुप्ता ने हेलमेट और यातायात सुरक्षा पर आधारित विशेष जागरूकता गीत गाकर श्रोताओं को नियमों के पालन का संदेश दिया। भक्ति संगीत के बीच कलाकारों के इस नवाचार ने दर्शकों को सडक़ सुरक्षा के प्रति गहराई से सोचने पर विवश किया। अभियान को गति देते हुए मंच से नागरिकों व प्रतिभागियों को कुल 40 हेलमेट बांटे गए। इनमें संस्कृति सिल्क के अंशुल साय की ओर से 30 तथा जशपुर पुलिस की तरफ से 10 हेलमेट प्रदान किए गए। वहीं, महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रमिला यादव को उपहार स्वरूप स्कूटी प्रदान की गई।
जीवन रक्षा सर्वोपरि : डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह
समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा- त्योहारों का असली आनंद तभी सार्थक है जब हम और हमारा परिवार पूरी तरह सुरक्षित रहे। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की अनिवार्य ढाल है। अक्स (्र्यस्) की पूरी टीम इस अभिनव पहल के लिए बधाई की पात्र है, जिसने इतने विशाल धार्मिक-सांस्कृतिक मंच का उपयोग जीवन रक्षा के संदेश के लिए किया। यहां मौजूद 1500 बच्चे जब सुरक्षा का यह संदेश लेकर अपने घरों तक पहुंचेंगे, तो निश्चित ही समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। इस अवसर पर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सत्येंद्र सिंह, कृष्ण कुमार राय, एडिशनल एसपी राकेश कुमार पाटनवार, डी एस पी ट्रैफिक के. आर. चौहान, टी आई कोतवाली मोरध्वज देशमुख और यातायात प्रभारी खेमराज ठाकुर, चिंटू गुप्ता, सुनील सोनी, संजय सोनी, संजय सिंह, सातु सोनी, एसडीओपी के. आर. चौहान सहित अक्स टीम के सदस्य, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

