खारुन नदी में विसर्जन पर रोक, कुंड में होगा

दशहरा-विसर्जन के लिए निगम ने बनाई समिति

Gupta Lochan
2 Min Read

रायपुर। दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां नगर निगम ने शुरू कर दी हैं। 20 अक्टूबर को शहर में 6 जगह रावण दहन होगा। वहीं, खारून नदी में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिमाओं का विसर्जन नदी के पास बनाए गए कुंड में ही करना होगा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का पालन कराने के लिए निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों की समिति बनाई है।
दशहरा पर रावण दहन के प्रमुख आयोजन रावणभाठा और डब्लूआरएस कॉलोनी में होंगे। इसके अलावा चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड में स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास भी रावण दहन किया जाएगा। सभी आयोजन स्थलों पर सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अग्निशमन वाहन, रास्तों की सफाई और मैदान समतल करने की जिम्मेदारी संबंधित जोन कमिश्नरों को दी गई है। उन्हें सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम ने निर्देश दिए हैं कि प्रतिमा विसर्जन से पहले पूजन सामग्री अलग कर निर्धारित स्थान पर रखी जाए। विसर्जन कुंड में जमा मलबा, बांस-बल्लियां और दूसरी सामग्री 24 घंटे के भीतर हटानी होगी, ताकि पानी प्रदूषित न हो।
ध्वनि और वायु प्रदूषण रोकने के लिए जिला प्रशासन और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय कर जरूरी कार्रवाई भी की जाएगी। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने विसर्जन कुंड और दशहरा आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की समिति बनाई है। इसमें अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, जोन-2 के कमिश्नर संतोष पांडेय, जोन-5 के कमिश्नर राकेश शर्मा और जोन-6 की कमिश्नर प्रीति सिंह सहित इंजीनियरिंग और जल विभाग के अधिकारी शामिल हैं। समिति विसर्जन स्थल पर शामियाना, रोशनी, माइक, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधा जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी। निगम ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से जरूरी इंतजाम प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए हैं।

Share This Article