ऐतिहासिक नवरात्र महोत्सव खरसिया में माँ भवानी की भक्ति में लीन हुए श्रद्धालु

पालिकाध्यक्ष कमल गर्ग ने पांडालों में शीश नवाकर मांगी क्षेत्र की खुशहाली

Gupta Lochan
3 Min Read

खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। आस्था, संस्कृति और कलात्मकता का अनुपम केंद्र खरसिया नगरी इस वर्ष भी शारदीय नवरात्रि महापर्व की अलौकिक छटा से सराबोर है। अपनी विशाल ऐतिहासिक परंपराओं, अनूठी कलात्मक सजावट और थीम आधारित भव्य पांडालों के लिए प्रसिद्ध खरसिया का नवरात्र महोत्सव दूर-दूर तक विख्यात है। इस पावन अवसर पर नगर में स्थापित विभिन्न प्रतिमाओं में विराजित माँ जगदंबा के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। महापर्व की इसी पावन श्रृंखला में नगर के प्रथम नागरिक एवं नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने नगर के विभिन्न वार्डों में स्थापित दुर्गा पांडालों में समस्त खरसिया वासियों की ओर से जगत् जननी माँ भवानी के चरणों में शीश नवाकर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि की मंगल कामना की।

जन-प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति

आस्था के इस सफर में नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग के साथ नगर पालिका के उपाध्यक्ष बंटी सोनी, पार्षद गिरधारी गवेल, दीपक अग्रवाल, राधे राठौर, साहिल शर्मा, विजय शर्मा, कैलाश शर्मा, हर्ष अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, सहित अनेक गणमान्य नागरिक और युवाओं की उपस्थिति रही। सभी जनप्रतिनिधियों ने एक-एक कर विभिन्न वार्डों के पांडालों में पहुँचकर जगत् जननी भवानी की आरती उतारी और आशीर्वाद प्राप्त किया।

कलात्मकता और इतिहास का अद्भुत संगम

खरसिया का नवरात्र महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन न होकर कला और इतिहास का जीवंत उदाहरण है। हर वर्ष की तरह इस बार भी नगर के पांडालों में उकेरी गई ऐतिहासिक और पौराणिक थीम श्रद्धालुओं को सम्मोहित कर रही हैं। जगत् भवानी माँ दुर्गा के दिव्य स्वरूपों के दर्शन कर पूरा वातावरण ‘जय माता दी’ के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। शारदीय नवरात्रि का यह पावन पर्व हम सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और भक्ति का संचार करता है। खरसिया की यह पावन धरा सदैव माँ जगदंबा भवानी के आशीर्वाद से सिंचित रही है। मैंने आज माँ भवानी के दरबार में शीश नवाकर यह प्रार्थना की है कि हमारे खरसिया नगर पर माँ की कृपा-दृष्टि सदैव बनी रहे। नगरवासी निरंतर उत्तम स्वास्थ्य, आपसी सौहार्द और सुख-समृद्धि का आनंद लें तथा हमारा खरसिया विकास के नए सोपानों को स्पर्श करे। पालिकाध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की इस धार्मिक यात्रा से नगरवासियों में भारी उत्साह देखा गया। समिति के सदस्यों द्वारा जनप्रतिनिधियों का आत्मीय स्वागत किया गया। अंत में माता रानी के जयकारों के साथ खरसिया नगर के निरंतर शांतिपूर्ण विकास, भाईचारे और समृद्धि की कामना दोहराई गई। जय माता दी 7 जय माँ भवानी।

Share This Article