चलती ट्रेन से यात्री का 77 हजार का मोबाइल पार

 नवतनवा एक्सप्रेस से वाराणसी जा रहा था युवक

Gupta Lochan
3 Min Read

रायगढ़। नौतनवा एक्सप्रेस में वाराणसी जा रहे रायगढ़ के एक यात्री का करीब 77 हजार रुपये कीमत का मोबाइल चोरी हो गया। पीडि़त की शिकायत पर जीआरपी थाना रायगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार,रायगढ़ के बड़े रामपुर की सिल्वर नेस्ट कॉलोनी निवासी अजय कुमार सिंह (36) 14 अक्टूबर 2026 को ट्रेन नंबर 18201 नौतनवा एक्सप्रेस से वाराणसी के लिए बी-2 कोच की बर्थ नंबर 55 पर बैठकर यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नींद आ गई। 15 अक्टूबर की रात करीब 2 से 2.30 बजे ट्रेन अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर रुकी। इस दौरान अजय कुमार सिंह की नजर बर्थ पर रखे अपने सामान पर पड़ी, तो उनका ब्लैक कलर का वनप्लस 13 मोबाइल गायब मिला। उन्होंने मोबाइल की कीमत 76,999 रुपये बताई है। मोबाइल गायब होने के बाद यात्री ने ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्कॉर्टिंग पार्टी को सूचना दी। टीम ने संबंधित कोच में तलाश की, लेकिन मोबाइल का कोई पता नहीं चला। इसके बाद यात्री को सफर पूरा होने पर जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके बाद 17 अक्टूबर को अजय कुमार सिंह ने जीआरपी थाना रायगढ़ पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। अब चोरी हुए मोबाइल का पता लगाने और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

दिनों-दिन बढ़ रही ट्रेनों में चोरी

उल्लेखनीय है कि इन दिनों लेट-लतीफी चल रही यात्री ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। इन दिनों जितना टेक्नोलाजी बढ़ रहा है, उसी गति से चोर भी खुद को अपडेट कर रहे हैं। इस कारण चोरों तक पहुंचने में पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे में जब तक यात्री खुद अपनी सामानों की सुरक्षा नहीं करेंगे, तब तक इस तरह की चोरियों पर रोक लगना मुश्किल है। यही कारण है कि इन दिनों चलती ट्रेनों में चोरी की वारदात काफी बढ़ गई है।

Share This Article