खरसिया। सिद्धार्थ शर्मा। त्यौहारों के इस सीजन और चल रहे निर्माण कार्यों के चलते कारोबारियों द्वारा दुकानों का सामान सडक़ तक रखने और मुख्य सडक़ों पर ही माल की लोडिंग-अनलोडिंग करने और संकरे, संकीर्ण मार्ग पर बैंकों के बिना पार्किंग होने पान ठेले खोमचे के अवैध अतिक्रमण से खरसिया नगर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। शहर की मुख्य सडक़ों पर लग रहे घंटों के जाम से आम नागरिकों, रोजमर्रा के काम से निकलने वालों और दूर-दराज से नवरात्र व आगामी त्यौहारों पर आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह हो गई है कि सडक़ें आवागमन की बजाय निजी प्रतिष्ठानों की पार्किंग और माल लोडिंग-अनलोडिंग का स्थायी ठिकाना बनती जा रही हैं।
आपातकालीन सेवाओं पर मंडराता खतरा
सडक़ों पर वाहनों के बेतरतीब जमावड़े का सीधा और खतरनाक असर एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और स्कूली वाहनों पर पड़ रहा है। आपातकाल में फंसा एक-एक मिनट किसी की भी जान पर भारी पड़ सकता है। बड़े कारोबारियों की मनमानी – स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन केवल कागजी नियम बना रहा है। बड़े कारोबारियों द्वारा दुकानों का सामान सडक़ तक रखना और मुख्य सडक़ों पर ही माल की लोडिंग-अनलोडिंग करना आम बात हो गई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इन पर कार्रवाई करने से कतरा रहा है।
संकरे मार्ग संस्थानों का जमघट बैंकों को बिना पार्किंग किसआधार पर मिली परमिशन
अग्रसेन भवन के बगल से बस स्टैंड जाने वाले संकरे मार्ग पर दो बैंक, एटीएम, एक बड़ा होटल, कन्या विवाह भवन, अग्रसेन भवन और प्रसिद्ध श्री श्याम बिहारी मंदिर स्थित हैं। इसी मार्ग पर 3 से 4 प्रमुख स्कूल भी हैं, जिससे रोजाना सैकड़ों छोटे-छोटे बच्चों को इस भारी जाम से गुजरना पड़ता है और अनहोनी की आशंका बनी रहती है। बड़ा सवाल – बिना पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था वाले इन संस्थानों और बैंकों को इतने सक्रिय एवं संकरे मार्ग पर खोलने की अनुमति किस आधार पर दी गई, यह एक गंभीर जांच का विषय है। बैंकों के बाहर सडक़ पर ही ग्राहकों और कर्मचारियों के वाहन खड़े होने से रास्ता और संकरा हो जाता है।अतिक्रमण और अवैध पार्किंग – इसी मार्ग पर बेतरतीब खड़े पान-ठेले, खोमचे पैदल चलने वालों, बाइक सवारों और बसों का निकलना दूभर हो गया है।
प्रमुख समस्याएं और कारण
ओवरब्रिज निर्माण और रूट डायवर्जन का दबाव – वर्तमान में स्टेशन रोड और पुरानी सब्जी मंडी रोड पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जो कि खरसिया नगर की सबसे बड़ी समस्या रेलवे क्रासिंग से निजात दिलाने वाला और नगर की सबसे बड़ी मूलभूत आवश्यकता भी है का जारी रहने के कारण ये मार्ग लगभग बंद हैं। इसमें सोचनीय विषय यह भी है कि बिना सर्विस रोड निर्माण के यह कार्य आखिर किया कैसे जा रहा है? क्या इसमें विभागीय मिलीभगत है या प्रशासनिक अनदेखी। हालांकि यह निर्माण शहर की सबसे जरूरी आवश्यकता है, लेकिन इसके कारण सारा ट्रैफिक दबाव पोस्ट ऑफिस के पीछे वाले मार्ग और दशहरा मैदान के सामने मुख्य केंद्र बिंदु पर आ गया है, जिससे दिनभर तनावपूर्ण स्थिति बनी रहती है।
जनता की मुख्य मांगें
आगामी त्यौहारों (दशहरा-दिवाली) और बढ़ती भीड़ के मद्देनजर नागरिकों ने प्रशासन से त्वरित और कड़े कदम उठाने की मांग की है। निष्पक्ष कार्रवाई – सडक़ तक सामान फैलाने वाले प्रतिष्ठानों और अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों पर बिना किसी पक्षपात के सख्त जुर्माना लगाया जाए। विशेष निगरानी व पुलिस बल – जाम के संवेदनशील बिंदुओं पर यातायात कर्मियों की तैनाती की जाए ताकि एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को निर्बाध रास्ता मिल सके। समान नियम – यातायात के नियम छोटे चालकों से लेकर बड़े कारोबारियों तक पर समान रूप से लागू किए जाएं, क्योंकि सडक़ें सार्वजनिक आवागमन के लिए हैं, न कि किसी की निजी सुविधा के लिए।

