रायगढ़। जिंदल स्टील लिमिटेड को कर्मचारी सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन (वर्ल्डस्टील) का प्रतिष्ठित 2026 स्टीली अवॉर्ड फॉर एक्सीलेंस इन पीपल प्रदान किया गया है। कंपनी को यह सम्मान उसके सुरक्षा कार्यक्रम ‘दक्षता इंजीनियरिंग सेफ्टी’ के लिए मिला। 12 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 17वें स्टीली अवॉर्ड्स समारोह में यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस श्रेणी में जिंदल स्टील को चीन बाओवू, इन्फ्राबिल्ड, टाटा स्टील और यूएसिमिनास जैसी कंपनियों के बीच स्वतंत्र विशेषज्ञों की समिति ने विजेता चुना। यह सम्मान कर्मचारी सुरक्षा, कौशल विकास और सुरक्षित कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की दिशा में कंपनी के प्रयासों को रेखांकित करता है। ‘दक्षता इंजीनियरिंग सेफ्टी’ कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्य की प्रकृति के अनुरूप सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना है। यह पहल केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों के सुरक्षा ज्ञान, व्यावहारिक कौशल, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी और सुरक्षित कार्य व्यवहार का भी आकलन करती है। कंपनी के अनुसार, इस कार्यक्रम के तहत छह स्थानों पर 27,100 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को जोड़ा गया है। इसके अंतर्गत 16,539 नए कर्मचारियों का सुरक्षा आकलन किया गया। वहीं, 69 प्रमाणित प्रशिक्षकों के माध्यम से सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण (एचएसई) से संबंधित 372 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 96 प्रतिशत प्रशिक्षण पूर्णता दर दर्ज की गई।
रायपुर मशीनरी डिवीजन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कार्यस्थल निरीक्षण, डिजिटल जोखिम विश्लेषण और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। वित्त वर्ष 2025-26 में यहां 17,752 सुरक्षा निरीक्षण किए गए। इस दौरान उच्च जोखिम वाले 379 कार्यों को समाप्त किया गया या मशीनों के माध्यम से अधिक सुरक्षित बनाया गया। इसी अवधि में आपातकालीन प्रतिक्रिया समय में 15 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया और इसे घटाकर 5.25 मिनट किया गया। रायपुर मशीनरी डिवीजन ने कार्य के दौरान चोट लगने की आवृत्ति दर (एलटीआईएफआर) 0.00 दर्ज की। कंपनी ने इस उपलब्धि को सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने, कर्मचारियों के कौशल विकास और तकनीक आधारित सुरक्षा उपायों को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों की पहचान बताया है।
जिंदल स्टील को मिला वर्ल्ड स्टील एसोसिएशन का प्रतिष्ठित स्टीली अवॉर्ड, सुरक्षा कार्यक्रम को सम्मान

