नवरात्र के पांचवें दिन स्कंदमाता की पूजा करने उमड़ी भक्तों की भीड़

महा आरती में शामिल होने सुबह-शाम पहुंच रहे श्रद्धालू, रात होते ही लोग गरबा का ले रहे आनंद

Gupta Lochan
4 Min Read

रायगढ़. शारदीय नवरात्र के पांचवे दिन गुरुवार को माता के पांचवां रूप स्कंदमाता की देवी मंदिरों में धूमधाम से पूजा की गई। इस दौरान शहर सहित अंचल के मंदिरों में माता के आरती के समय बड़ी संख्या में भक्त पहुंच कर उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। इन दिनों शहर में भक्ती का माहौल इस कदर बढ़ा है कि जहां पूरे दिन पूजा-पाठ करने के बाद रात होते ही लोग गरबा कार्यक्रम में शामिल होकर आनंद उठा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस बार शारदीय नवरात्र 10 दिनों का है, इससे गुरुवार को पांचवा रूप स्कंदमाता की पूजा की गई, वहीं जब से नवरात्र शुरू हुआ है, तब से लोग अल सुबह से ही माता के दरबार में पहुंच कर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। साथ ही शाम होते ही माता के महाआरती के समय भक्तों की संख्या काफी बढ़ जा रही है, हालांकि मंदिर समिति द्वारा पहले से ही विशेष तैयारी की गई है, जिसके चलते भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। वहीं गुरुवार को सुबह से ही शहर सहित आसपास के देवी मंदिरों में स्कंद माता की पूजा करने श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इस दौरान जिले के प्रसिद्ध बुढ़ी माई मंदिर, अनाथालय स्थित दुर्गा मंदिर, समलेश्वरी माता मंदिर व राजापारा स्थित समलाई माता के मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे हुए थे और अपने परिवार के सुख-समृद्धि के लिए माता की अराधना किया।

भक्तिमय बना है माहौल

उल्लेखनीय है कि जब से नवरात्र पर्व शुरू हुआ है तब से देवी मंदिरों में मादर की थाप पर पचरा गीत की धुन सुनाई दे रही है। साथ ही भक्त माता के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंच रहे हैं। ऐसे में भक्तों का कहना है कि नवरात्र के नौ दिन बहुत खास होता है। यही कारण है कि इन दिनों पूरा माहौल भक्तिमय नजर है। साथ ही ज्यादातर लोग सुबह-शाम माता के दरबार में पहुंच कर आरती का लाभ उठा रहे हैं। वहीं भगवानपुर स्थित पूज्य मां अघोर शक्ति पीठ मंदिर में नवरात्र के दिनों में माता का संगीतमय आरती हो रही है, जहां आसपास के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष व बच्चे पहुंच रहे हैं और पूजा-पाठ के बाद ज्योत दर्शन कर माता का प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

गरबा का चल रहा आयोजन

शहर में जगह-जगह गरबा का भी कार्यक्रम चल रहा है, जिससे रात होते ही महिला-पुरुष विशेष परिधान धारण कर माता के गरबा करते नजर आ रहे हैं। इस संबंध में युवाओं का कहना है कि गरबा को लेकर इनमें विशेष उत्साह बना हुआ है, जिसके चलते नवरात्र के पहले से ही तैयारियों में जुट गए थे। इन दिनों शहर के गुजराती पारा, रामलीला मैदान सहित अलग-अलग होटलों में चल रहा है। जहां शहरवासी मंदिरों में पूजा-पाठ करने के बाद देर रात तक आनंद उठा रहे हैं।

आज होगी मां कात्यानी की पूजा

शुक्रवार को मां कात्यानी देवी की पूजा-अर्चना की जाएगी, जिसके लिए भी मंदिर समिति द्वारा तैयारी पूर्ण कर ली गई है। मान्यता है कि महर्षि कात्यायन की तपस्या से प्रसन्न होकर आदिशक्ति ने उनकी पुत्री के रूप में जन्म लिया था, इसलिए उन्हें कात्यायनी देवी कहा जाता है और माता के उपासक नवरात्र के दिनों में अलग-अलग रूपों की पूजा करते हैं, इससे शुक्रवार को मंदिरों में अच्छा खासा भीड़ होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

Share This Article