केलो डैम में मारपीट कर लूटपाट करने वाले 2 गिरफ्तार

पीडि़त युवक गर्लफ्रेंड संग घूमने गया था डैम

Gupta Lochan
2 Min Read

रायगढ़। केलो डैम घूमने गए युवक-युवती से मारपीट कर लूट की वारदात हुई। आरोपियों ने युवक से 1,500 रुपए कैश और उसका आईफोन 12 मीनी, जबकि युवती का मोबाइल भी लूट लिया। घटना सोमवार शाम करीब 7.30 बजे की है। मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। उनका तीसरा साथी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बुलेट से केलो डैम घूमने गया था। शाम को दोनों लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी 3-4 युवक वहां पहुंचे। युवती के साथ घूमने को लेकर सवाल करते हुए आरोपियों ने सानू से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी सानू की जेब में रखे 1,500 रुपए और उसका आईफोन मोबाइल लूटकर ले गए। उन्होंने युवती का मोबाइल भी छीन लिया। भागते समय आरोपियों ने बुलेट की चाबी भी फेंक दी। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने पीडि़त और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों के हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश की। इस दौरान सोहेल अंसारी (23), निवासी इंदिरा नगर और रणवीर कुमार (22), निवासी उर्दना डीपापारा की पहचान हुई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी के सामने पीडि़त से आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई। पूछताछ में आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल और नकदी अपने फरार साथी के पास होने की बात बताई। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Share This Article