रायगढ़। नवरात्रि पूजा में जा रहे एक परिवार की बाइक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में मां बसंत कुंवर राठिया की मौत हो गई, जबकि पिता नरोत्तम राठिया और बेटी हेमा राठिया गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मां को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पिता की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है। बेटी का उपचार अस्पताल में जारी है। हादसे की सूचना मोबाइल फोन के माध्यम से परिवार के अन्य सदस्य को मिली। सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां, पिता और बहन को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा। घटनास्थल के पास लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर भी खड़ा था। इसके बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए घरघोड़ा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बसंत कुंवर राठिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल नरोत्तम राठिया को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ भेजा गया। हेमा राठिया का इलाज जारी है। मृतका के बेटे ने आरोप लगाया है कि बिना नंबर के लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर के चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। हादसे में मां की मौत और पिता व बहन के घायल होने के लिए उसने ट्रैक्टर चालक को जिम्मेदार बताया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।

