रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में आमजनों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभिन्न मांगों, शिकायतों और समस्याओं से संबंधित आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत नूनदरहा के सरपंच ने वीबी-जी राम जी योजना के तहत स्कूल में आहता निर्माण की आवश्यकता बताते हुए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं, खरसिया के अनिल गोयल ने कम्प्यूटर भुइयां रिकॉर्ड में अपने नाम की वर्तनी में सुधार के लिए आवेदन दिया। ग्राम बैहामुड़ा के मंगल राठिया और बालमती राठिया ने वन अधिकार पट्टा बनवाने की मांग रखी। ग्राम सकरलिया के शनिराम बिरहोर ने अपने रकबे का किसान एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी तरह ग्राम अमलीडोडा के ग्रामीणों ने नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण, गौरबहरी के ग्रामीणों ने माध्यमिक शाला में शिक्षक की व्यवस्था तथा ग्राम औरदा के अंजोर सिंह ने मनरेगा के तहत किए गए कार्य की राशि दिलाने की मांग की। इसके अलावा ग्राम पेलमा से झरियापाल तक सडक़ निर्माण तथा ग्राम पंचायत कसडोल में उप स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना और आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत के लिए भी आवेदन प्रस्तुत किए गए। जनदर्शन में अन्य आवेदकों ने भी अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष रखे। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करें, ताकि आमजनों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न हो। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर जनदर्शन में मूलभुत समस्याओं का अंबार
स्कूल भवन, सडक़ निर्माण, वन अधिकार पट्टा और राजस्व रिकॉर्ड में सुधार सहित विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे आवेदक, समय सीमा में निराकरण करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

