जशपुर। जिले के कुनकुरी शहर में रविवार सुबह जंगल से भटककर आया एक लोनर हाथी (झुंड से अलग हुआ नर हाथी) घुस गया। हाथी शहर के महागिरजा घर और होली क्रॉस अस्पताल परिसर तक पहुंच गया। इस दौरान उसने अस्पताल की बाउंड्रीवॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया। दिनदहाड़े शहर के बीच हाथी की चहलकदमी देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
चर्च और अस्पताल परिसर में घूमते हाथी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से हाथी के नजदीक जाकर वीडियो नहीं बनाने और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। महागिरजा घर और होली क्रॉस अस्पताल कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुनकुरी से जशपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार सुबह सबसे पहले हाथी महागिरजा घर परिसर में घुसा। उस समय चर्च में प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। परिसर में दंतैल हाथी को देखकर श्रद्धालु घबरा गए और खुद को सुरक्षित करने के लिए प्रार्थना सभागार के अंदर चले गए। कुछ देर तक परिसर में घूमने के बाद हाथी पास स्थित होली क्रॉस अस्पताल परिसर में पहुंच गया।
जयस्तंभ चौक तक पहुंचा
अस्पताल परिसर में हाथी ने बाउंड्रीवॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया। बाउंड्रीवॉल तोड़ते हुए हाथी का वीडियो नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में हाथी आक्रामक नजर आ रहा है। भटकते हुए हाथी कुनकुरी के जयस्तंभ चौक के पास तक पहुंच गया। उसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद हाथी वन विभाग की नर्सरी की ओर चला गया। वन विभाग उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है।
कई दिनों से भटक रहा लोनर हाथी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह लोनर हाथी पिछले कुछ दिनों से कुनकुरी के आसपास के ग्रामीण इलाकों के जंगलों में घूम रहा था। कुनकुरी रेंजर सुरेंद्र होता ने बताया कि हाथी लोटापानी के जंगल से निकलकर घुमाडांड़ होते हुए कुनकुरी पहुंचा था। यहां चर्च, लोयला कॉलेज और अस्पताल परिसर से गुजरने के बाद वन विभाग की नर्सरी में पहुंचा। उन्होंने कहा कि हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और नगरवासियों से उससे दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।

