प्रोफेसर का अपहरण कर ऑनलाइन वसूली, 4 आरोपी गिरफ्तार

Gupta Lochan
6 Min Read

रायगढ़। प्रोफेसर के अपहरण और वसूली की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी ने वारदात से 3 दिन पहले मिलकर योजना बनाई थी। आरोपियों ने इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर का अपहरण कर लिया था। उन्हें बंधक बनाकर और चाकू की नोक पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कराए। पुलिस ने 99 हजार 100 रुपए कैश बरामद किए हैं। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम जकेला के रहने वाले प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता (47) सोमवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गांव के डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान महसूस होने पर वे सडक़ किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और पकडक़र तालाब की ओर ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट-गर्दन पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें बाइक से दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट की। आरोपियों ने उनके मोबाइल का पासवर्ड, गुगुल पे और भीम यूपीआई के पासवर्ड हासिल कर लिए।

क्यूआर कोड से महिला के खाते में भेजे पैसे

आरोपियों ने एक महिला के खाते का क्तक्र कोड मंगवाया और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम उसके खाते में ट्रांसफर कराई। उन्होंने प्रोफेसर के खाते की ट्रांजेक्शन लिमिट खत्म होने तक रकम निकालने की कोशिश की। इस दौरान प्रोफेसर को धमकाकर उनके परिजनों से फोन पर सामान्य बातचीत भी कराई, ताकि उन्हें किसी अनहोनी का संदेह न हो।

सुनसान मकान में बंधक बनाकर रखा

रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और उन्हें थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी में एक सुनसान मकान के कमरे में बंधक बनाकर रखा। इधर, फोन पर बातचीत के दौरान परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई और ग्राम पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों और ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी प्रोफेसर को छोडक़र फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रोफेसर को मुक्त कराया और थाने ले आई।

सुनील को पहले पकड़ा, पूछताछ में 3 बाकी के नाम आए

मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने सुनील सारथी (32), निवासी छातामुड़ा को सारंगढ़ क्षेत्र से पकड़ा। पूछताछ में उसने राजेंद्र कुमार (35), नरेंद्र महंत (34), दोनों निवासी जकेला और दिनेश सारथी (34), निवासी औरदा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
अपहरण और लूट जैसे अपराधों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर प्रयास कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि अपराध कर कानून से बचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है। – शशि मोहन सिंह, एसएसपी

3 दिन पहले बनाई थी अपहरण की योजना

पूछताछ में पता चला कि घटना से करीब 3 दिन पहले राजेंद्र कुमार महंत और दिनेश सारथी, सुनील सारथी के छातामुड़ा स्थित घर पहुंचे थे। वहां तीनों ने मिलकर अपहरण कर रकम ऐंठने की योजना बनाई थी। इसके बाद 5 अक्टूबर की शाम आरोपी दिनेश सारथी के भाई की काले रंग की बाइक से ग्राम जकेला स्थित राइस मिल के पास पहुंचे। वहां उन्होंने प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता को सडक़ किनारे अकेले बैठकर मोबाइल देखते हुए पाया। योजना के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग रास्तों से प्रोफेसर के पास पहुंचे और उन्हें घेर लिया। धक्का देकर गिराने के बाद पकड़ लिया और डबरी के पीछे सुनसान जगह पर ले गए। वहां चाकू की नोक पर डराकर उनके मोबाइल और यूपीआई ऐप के पासवर्ड हासिल किए।

नकद रकम, मोबाइल, चाकू व बाइक जब्त

पुलिस ने आरोपियों से 99 हजार 100 रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा राजेंद्र महंत से मोबाइल, नरेंद्र महंत से 2 मोबाइल फोन और दिनेश सारथी से चाकू जब्त किया गया है। दिनेश की निशानदेही पर ग्राम पंडरीपानी से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस ने जब्त सामग्री को मामले में सबूत के तौर पर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सुनील सारथी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। जबकि बाकी तीन आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस डिजिटल लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की जांच करेगी।

Share This Article