रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिला चिकित्सालय में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक लेकर जिले में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। चिकित्सा सेवा से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और प्राथमिकता के साथ कार्य करते हुए केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में फील्ड स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार कर बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रवार एएनसी पंजीयन एवं जांच की स्थिति की समीक्षा करते हुए पंजीयन बढ़ाने तथा एएनसी सेवाओं में बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हाई रिस्क प्रेगनेंसी (एचआरपी) की वर्षवार स्थिति का विश्लेषण कर प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा। साथ ही हाई रिस्क प्रेगनेंसी के एएनसी कैप्चर में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर उसके समाधान के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। जिले में टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर विशेष अभियान चलाते हुए टीकाकरण का कार्य पूर्ण कराया जाए। कायाकल्प पियर असेसमेंट में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने धरमजयगढ़ बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने को कहा।
कायाकल्प में धीमी प्रगति पर बिफरे जिलाधीश, धरमजयगढ़ बीएमओ पर गिरी नोटिस की गाज

