रायगढ़। जिले में अवैध तरीके से स्क्रैप को उद्योगों में खपाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर स्क्रैप से भरा ट्रक जब्त किया है, जिसमें 23.880 टन स्क्रैप लोड था। जब्त स्क्रैप की कीमत करीब 9 लाख 57 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने अवैध स्क्रैप और परिवहन में इस्तेमाल ट्रक समेत करीब 18 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में ट्रक चालक स्युवीर सिंह (51), निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर, ओडिशा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि 10 चक्का ट्रक में अवैध स्क्रैप लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में अनलोड करने ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने 10 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली। वाहन में भारी मात्रा में स्क्रैप लोड मिला। पुलिस ने चालक स्युवीर सिंह से स्क्रैप के संबंध में पूछताछ की। चालक ने बताया कि वह ग्राम रैमण्ड, संबलपुर से स्क्रैप लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने उससे स्क्रैप से जुड़े दस्तावेज मांगे। चालक पहले टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन में लोड स्क्रैप का वजन कराया। इसमें 23.880 टन स्क्रैप मिला। पुलिस ने अवैध स्क्रैप और इसके परिवहन में इस्तेमाल ट्रक को जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई गई है। मामले में आरोपी चालक स्युवीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
23.880 टन अवैध स्क्रैप जब्त, फैक्ट्री में खपाने ले जा रहे ट्रक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

