खरसिया। ग्राम पंचायत सूती में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सितंबर और अक्टूबर माह का राशन चावल न मिलने से ग्रामीणों की परेशानियाँ बढ़ गई हैं। राशन वितरण में अनियमितता और वितरण में देरी का आरोप लगाते हुए बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने खरसिया तहसील कार्यालय पहुँचकर अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों ने तहसीलदार के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच और जल्द से जल्द चावल उपलब्ध कराने की माँगी रखी है।
ग्रामीणों का कहना है कि दो महीने से राशन न मिलने के कारण कई गरीब परिवारों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है। जब ग्रामीणों ने राशन दुकान (सोसायटी) पहुँचकर जानकारी ली, तो वहाँ निर्धारित मात्रा में स्टॉक उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई। इससे व्यथित ग्रामीणों ने सोसायटी संचालक और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्टॉक के भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) की माँग की है।
10 तक समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि राशन उनका संवैधानिक अधिकार है और लंबित सितंबर-अक्टूबर का चावल उन्हें अविलंब मिलना चाहिए। ज्ञापन में अल्टीमेटम देते हुए कहा गया है कि यदि 10 अक्टूबर तक इस समस्या का न्यायसंगत समाधान नहीं हुआ, तो वे तहसील कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान ग्रामीणों के समर्थन में खरसिया शिवसेना विधानसभा अध्यक्ष सनी पिंटू यादव एवं ग्राम सूती के सरपंच पति भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि गरीबों के हक का अनाज उन तक जल्द से जल्द पहुँचाया जाए और लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

