रायगढ़। पत्रिका. मंगलवार शाम को अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने जिले के पूर्वी क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई, जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इस मौसमी घटना के चलते कई ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही, इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को पूरे दिन मौसम साफ रहने के बाद शाम को अचानक मौसम में बदलाव हुआ और अचानक तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, हालांकि यह आंधी-बारिश जिले के कुछ क्षेत्रों तक ही सिमित रहा, इसके बाद भी विभाग को काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली खंभा टूटने व तारों पर पेड़ों के डालियां गिरने से
तार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे, इस व्यापक नुकसान के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी रात बिजली गुल रही, इससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, आंधी-बारिश से हुए इस नुकसान के कारण विभाग को करीब 15 से 20 लाख रुपए की आर्थिक क्षति हुई है। बिजली गुल होने से हजारों उपभोक्ताओं को रातभर अंधेरे में ही गुजारनी पड़ी, जिससे उन्हें काफी परेशानी और असुविधा का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह होते ही बिजली विभाग की टीमें युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुट गईं। विभाग ने क्षतिग्रस्त क्षेत्रों में अतिरिक्त टीमें भी भेजीं ताकि सुधार कार्य में तेजी लाई जा सके। दिनभर चले सघन मेंटेनेंस और सुधार कार्य के बाद ही चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति को बहाल किया जा सका। विभाग के कर्मचारियों ने टूटे खंभों को बदलने, गिरी हुई डालियों को हटाने और क्षतिग्रस्त तारों की मरम्मत करने का कठिन कार्य किया तब जाकर बुधवार शाम तक व्यवस्था बहाल हो सका। विभाग का कहना है कि मौसमी आपदाओं से निपटने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते हैं, लेकिन इतनी तेज आंधी से हुए नुकसान को सुधारने में स्वाभाविक रूप से समय लगता है। उपभोक्ताओं को हुई असुविधा के लिए विभाग ने खेद व्यक्त किया है।
यहां ज्यादा नुकसान
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस बार के आंधी-बारिश का असर जिले के कुछ ही हिस्से में रहा। इससे सबसे ज्यादा नुकसान पुसौर क्षेत्र के ग्राम झलमला और उसके आसपास गांव में हुआ, जिससे करीब आधा दर्जन से अधिक बिजली पोल टूटे हैं तो वहीं दर्जनभर से अधिक जगहों पर कहीं पेड़ गिरे तो कहीं डगांल टूटकर गिरने से तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसेे कुछ जगहों पर तो रात में सुधार हो गया, लेकिन जहां पर खंभा टूटे थे, वहां बुधवार को सुबह सुधार किया गया। वहीं सबसे ज्यादा नुकसान जिले के पूर्वी क्षेत्र लोईंग, जामगांव व उससे लगे ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिला। यहां करीब दर्जनभर से अधिक पोल टूटे हैं, वहीं कई जंगल क्षेत्र होने के कारण जगह-जगह पेड़ व डालियां टूटे थे, जिसे बुधवार को पूरे दिन मेंटेनेंस के बाद बिजली व्यवस्था बहाल हो सका।
आंधी-बारिश ने जिले के पूर्वी क्षेत्रों में जमकर मचाई तबाही
कहीं टूटे पोल तो कहीं पेड़ गिरने से तार क्षतिग्रस्त, रातभर रहा अंधेरा, बिजली विभाग को लाखों का हुआ नुकसान

